टेमरी नाके पर पुलिस का शिकंजा, बाइक से 5.440 किलो गांजा बरामद; एक तस्कर गिरफ्तार

SARJU SAHU

September 12, 2026

महासमुंद। कोमाखान ऑपरेशन निश्चय के तहत महासमुंद पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम टेमरी जांच नाका के पास एक बाइक सवार गांजा तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 5.440 किलो गांजा, एक पल्सर मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन बरामद किया है। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 3 लाख 65 हजार रुपये बताई गई है। गांजा को कांटाबांजी (ओडिशा) से दुर्ग (छत्तीसगढ़) ले जाकर खपाने की योजना थी। मामले में एक अन्य आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।

मुखबिर की सूचना पर टेमरी नाके में घेराबंदी

एन्टी नारकोटिक टास्क फोर्स के निर्देशों के तहत जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी, परिवहन और बिक्री के खिलाफ लगातार चेकिंग एवं कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना कोमाखान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि दो व्यक्ति एक मोटरसाइकिल में ओडिशा से छत्तीसगढ़ की ओर गांजा लेकर आ रहे हैं।

सूचना मिलते ही पुलिस स्टाफ को अलर्ट किया गया और टेमरी जांच नाका के पास संदिग्ध वाहन की निगरानी शुरू कर दी गई। कुछ देर बाद पुलिस को एक मोटरसाइकिल आती दिखाई दी, जिसमें दो व्यक्ति सवार थे।

पुलिस को देखते ही पीछे बैठा आरोपी कूदा

पुलिस चेकिंग देखकर मोटरसाइकिल में पीछे बैठा व्यक्ति अचानक चलती बाइक से कूदकर मौके से भाग निकला। पुलिसकर्मियों ने तत्काल बाइक चालक को पकड़ने के लिए दौड़ लगाई। चालक ने भी मोटरसाइकिल को तेजी से मोड़कर भागने का प्रयास किया, लेकिन हड़बड़ी में बाइक समेत गिर गया। इसके बाद पुलिस ने उसे पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम रामचरण उर्फ यश ठाकुर, उम्र 24 वर्ष, निवासी पीसेगांव, थाना पुलगांव, जिला दुर्ग बताया। आरोपी ने फरार साथी का नाम रोशन निषाद उर्फ विक्की, निवासी चंदखुरी, दुर्ग बताया।

बाइक से मिला 5.440 किलो गांजा

पुलिस ने पकड़े गए आरोपी और मोटरसाइकिल की तलाशी ली। तलाशी के दौरान 5.440 किलो अवैध मादक पदार्थ गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत 2 लाख 72 हजार रुपये है, बरामद किया गया।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि गांजा कांटाबांजी, ओडिशा से दुर्ग, छत्तीसगढ़ ले जाया जा रहा था। पुलिस ने गांजा तस्करी में प्रयुक्त बिना नंबर की पल्सर मोटरसाइकिल और एक मोबाइल फोन भी जब्त किया।

3.65 लाख रुपये की संपत्ति जब्त

थाना कोमाखान पुलिस ने कार्रवाई के दौरान कुल 3 लाख 65 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की है। इसमें 5.440 किलो गांजा कीमती 2 लाख 72 हजार रुपये, एक पल्सर मोटरसाइकिल कीमती 90 हजार रुपये और एक मोबाइल फोन कीमती 3 हजार रुपये शामिल है।

मामले में पुलिस ने अपराध क्रमांक 151/2026, धारा 20(B)(II)(B), 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की है।

फरार आरोपी की तलाश जारी

पुलिस के अनुसार मामले में फरार आरोपी रोशन निषाद उर्फ विक्की की पतासाजी की जा रही है। पुलिस तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और गांजे की सप्लाई के स्रोत के संबंध में भी जांच कर रही है। सटीक मुखबिर सूचना, त्वरित कार्रवाई और पुलिस टीम के समन्वय से गांजा तस्करी की इस खेप को पकड़ने में सफलता मिली।

संपादक { विज्ञापन‍ }

Share this content:

Leave a Comment