सोनाखान 25/08/2026
बलौदाबाजार जिले के अंतिम छोर और गिरौदपुरी अनुविभाग के सोनाखान तहसील अंतर्गत वनांचल क्षेत्र में स्थित चांदन से गोलाझर मुख्य मार्ग भारी बारिश के चलते बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। सड़क की मौजूदा स्थिति को देखते हुए यहां कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। स्थानीय लोगों ने मार्ग की तत्काल मरम्मत की मांग की है।
इस मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में ग्रामीणों के साथ छात्र-छात्राओं का आवागमन होता है। चांदन हाई स्कूल में पढ़ने वाले सैकड़ों विद्यार्थी इसी मार्ग से होकर स्कूल पहुंचते हैं। इसके अलावा राहगीरों और ग्रामीणों का भी लगातार आना-जाना लगा रहता है। सड़क क्षतिग्रस्त होने के कारण दुर्घटना की आशंका बनी हुई है।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी सोनाखान के अध्यक्ष युधिष्ठिर नायक ने शासन-प्रशासन से सड़क की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि बारिश के कारण मार्ग की स्थिति लगातार खराब हो रही है और यदि समय रहते इसकी मरम्मत नहीं कराई गई तो किसी बड़ी दुर्घटना से इनकार नहीं किया जा सकता।
युधिष्ठिर नायक ने इस संबंध में तहसीलदार, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व तथा कलेक्टर बलौदाबाजार को पत्र के माध्यम से अवगत कराते हुए शीघ्र सड़क मरम्मत कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि “ध्यान हटी, दुर्घटना घटी” की स्थिति बनने से पहले प्रशासन को गंभीरता से कदम उठाना चाहिए।
स्थानीय ग्रामीणों और विद्यार्थियों की सुरक्षा को देखते हुए अब लोगों की नजर प्रशासन की त्वरित कार्रवाई पर है।