नाबालिग से दुष्कर्म के बाद नवजात की बिक्री का मामला, फर्जी आधार कार्ड से उम्र बढ़ाने की कोशिश; 2 और आरोपी गिरफ्तार

TEKRAM KOSLE

August 19, 2026

रिपोर्टर टेकराम कोसले

रायपुर। न्यू राजेन्द्र नगर थाना क्षेत्र में नाबालिग से दुष्कर्म, गर्भवती करने, फर्जी दस्तावेजों के जरिए प्रसव कराने और नवजात शिशु की कथित बिक्री से जुड़े गंभीर मामले में पुलिस ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। ताजा कार्रवाई के बाद इस प्रकरण में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या बढ़कर 8 हो गई है।
पुलिस के अनुसार, पूर्व में गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ और विवेचना के दौरान मामले से जुड़े कई अहम तथ्य सामने आए। जांच में पता चला कि पीड़िता के नवजात शिशु को कथित रूप से पंखाजूर, जिला कांकेर निवासी सुब्रत बिश्वास के पास बेचे जाने की जानकारी मिली।
फर्जी आधार कार्ड बनाकर उम्र अधिक दिखाने की कोशिश
जांच के दौरान पुलिस को यह भी जानकारी मिली कि पीड़िता की वास्तविक उम्र को छिपाकर उसे अधिक उम्र का दिखाने के उद्देश्य से पूनम सागरिया द्वारा मोबाइल फोन के माध्यम से कथित तौर पर फर्जी आधार कार्ड तैयार किया गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए न्यू राजेन्द्र नगर थाना पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और प्राप्त सूचना के आधार पर दोनों संदिग्ध आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में सुब्रत बिश्वास द्वारा नवजात को खरीदने तथा पूनम सागरिया द्वारा पीड़िता का फर्जी आधार कार्ड तैयार करने की बात सामने आई।
पुलिस ने नवजात को सकुशल बरामद किया
पुलिस टीम ने आरोपी सुब्रत बिश्वास के कब्जे से नवजात शिशु को सकुशल बरामद कर लिया। नवजात की सुरक्षा और समुचित देखभाल को ध्यान में रखते हुए उसे मातृछाया संस्था, रायपुर में सुरक्षित रखा गया है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से मामले से संबंधित दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। जब्त मोबाइल फोन और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों की जांच की जा रही है। पुलिस इस पूरे नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
गिरफ्तार आरोपियों की जानकारी
1. सुब्रत बिश्वास, उम्र 32 वर्ष
निवासी — पीबी-34, प्रेम नगर, कापसी
थाना — पखांजूर
जिला — कांकेर, छत्तीसगढ़
2. पूनम सागरिया
निवासी — एसबीआई एटीएम के पास, प्रकाश किराना दुकान के सामने, कालीबाड़ी
थाना — सिटी कोतवाली
जिला — रायपुर, छत्तीसगढ़
BNS, POCSO और JJ Act के तहत कार्रवाई
यह मामला थाना न्यू राजेन्द्र नगर अपराध क्रमांक 289/2026 के तहत दर्ज है। पुलिस द्वारा मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS), पॉक्सो एक्ट (POCSO Act) और किशोर न्याय अधिनियम (JJ Act) की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना अभी जारी है। जांच के दौरान यदि अन्य व्यक्तियों की संलिप्तता सामने आती है तो उनके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

संपादक { समाचार }

Share this content:

Leave a Comment