युधिष्ठिर नायक ने मुख्यमंत्री को लिखा पत्र: ‘सड़क मार्ग से आएं सोनाखान, नहीं तो PWD मंत्री को भेजें; मांग न मानी तो दिखाएंगे काले झंडे’

BIRENDRA KUMAR SEN

October 21, 2026

युधिष्ठिर नायक ने मुख्यमंत्री को लिखा पत्र: ‘सड़क मार्ग से आएं सोनाखान, नहीं तो PWD मंत्री को भेजें; मांग न मानी तो दिखाएंगे काले झंडे’

सोनाखान/बलौदाबाजार: छत्तीसगढ़ के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम सेनानी अमर शहीद वीर नारायण सिंह के शहादत दिवस (10 दिसंबर) के अवसर पर सोनाखान में होने वाले आयोजन से पहले क्षेत्र की सियासत गरमा गई है। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी सोनाखान के अध्यक्ष युधिष्ठिर नायक ने प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को पत्र लिखकर एक अनूठा और तल्ख न्योता भेजा है। उन्होंने मुख्यमंत्री से हेलीकॉप्टर की बजाय सड़क मार्ग से सोनाखान पहुंचने का आग्रह किया है, ताकि इलाके की बदहाल सड़कों की सूरत बदल सके। इसके साथ ही मांग पूरी न होने पर उग्र आंदोलन और काले झंडे दिखाने की चेतावनी भी दी गई है।

मुख्यमंत्री को भेजे गए पत्र में ब्लॉक अध्यक्ष युधिष्ठिर नायक ने क्षेत्र की जर्जर सड़कों की समस्या को प्रमुखता से उठाया है। नायक ने पत्र में उल्लेख किया कि यदि मुख्यमंत्री पिथौरा, बया, चांदन और राजदेवरी होते हुए सड़क मार्ग से सोनाखान आते हैं, तो वीआईपी मूवमेंट के चलते प्रशासन को मजबूरन इस मार्ग की मरम्मत और सुधार कार्य कराना पड़ेगा। इससे वर्षों से गड्ढों और धूल से जूझ रहे स्थानीय ग्रामीणों व राहगीरों को बड़ी राहत मिलेगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि यदि मुख्यमंत्री सड़क मार्ग से आते हैं, तो पूरा क्षेत्रवासी उनका आत्मीय स्वागत करेगा।

कांग्रेस नेता ने पत्र में तंज कसते हुए विकल्प भी रखा है। उन्होंने लिखा कि यदि किसी कारणवश मुख्यमंत्री सड़क मार्ग से न आकर हेलीकॉप्टर से सोनाखान पहुंचते हैं, तो वे अपने साथ मंत्रिमंडल के सहयोगी लोक निर्माण विभाग (PWD) मंत्री अथवा वित्त मंत्री को इस जर्जर सड़क मार्ग से भेजें। नायक का कहना है कि जब जिम्मेदार मंत्री खुद हिचकोले खाते हुए इस मार्ग से गुजरेंगे, तब जाकर शासन को जनता के दर्द का अहसास होगा और स्वीकृतियां तेजी से मिलेंगी।

पत्र के अंत में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी सोनाखान ने प्रशासन और सरकार को दो टूक चेतावनी दी है। युधिष्ठिर नायक ने स्पष्ट किया कि यदि सरकार इन दोनों विकल्पों (मुख्यमंत्री या संबंधित मंत्रियों के सड़क मार्ग से आने) पर अमल नहीं करती है, तो कांग्रेस कार्यकर्ता मूकदर्शक नहीं रहेंगे।

उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता के हक और मूलभूत सुविधाओं के लिए ब्लॉक कांग्रेस कमेटी उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी। शहादत दिवस के कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री को काले झंडे दिखाकर विरोध दर्ज कराया जाएगा। नायक ने चेतावनी दी कि यदि क्षेत्र में आंदोलन की स्थिति बनती है या कोई अप्रिय स्थिति निर्मित होती है, तो इसकी पूरी जवाबदारी शासन और स्थानीय प्रशासन की होगी।

जिला रिपोर्टर बलौदा बजार

Share this content:

Leave a Comment