बलौदाबाजार पुलिस ने स्कूलों में चलाया ‘साइबर जागृति अभियान’, छात्रों को OTP और बैंकिंग फ्रॉड से बचने के उपाय बताए

SARJU SAHU

August 19, 2026

बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में साइबर जागृति अभियान के तहत स्कूलों में जागरूकता कार्यक्रम और निबंध प्रतियोगिता आयोजित की गई। पुलिस ने विद्यार्थियों को OTP, फर्जी लिंक, QR कोड और ऑनलाइन ठगी से बचने के तरीके बताए।

बलौदाबाजार। 19 अगस्त 2026 ‘साइबर अपराध मुक्त छत्तीसगढ़बनाने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेषसाइबर जागृति अभियानके तहत बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस लगातार विद्यार्थियों और आम नागरिकों को साइबर अपराध के प्रति जागरूक कर रही हैअभियान के तहत 19 अगस्त को थाना राजादेवरी, थाना कसडोल और चौकी गिरौदपुरी क्षेत्र के विभिन्न स्कूलों में साइबर जागरूकता कार्यक्रमों के साथ निबंध प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। यह विशेष अभियान 15 अगस्त से 2 अक्टूबर 2026 तक संचालित किया जा रहा है

 

थाना राजादेवरी क्षेत्र के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय चांदन में पुलिस ने साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान विद्यार्थियों को ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक, OTP फ्रॉड, QR कोड और बैंकिंग धोखाधड़ी से बचने के उपाय बताए गए। इसके साथ ही निबंध प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें 86 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय राजादेवरी में भी साइबर जागरूकता कार्यक्रम हुआ। यहां आयोजित निबंध प्रतियोगिता में 72 विद्यार्थियों ने हिस्सा लेकर साइबर सुरक्षा से जुड़े विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत किए।

थाना कसडोल क्षेत्र के शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला पिसीद में आयोजित कार्यक्रम में करीब 250 विद्यार्थी शामिल हुए। पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने विद्यार्थियों को साइबर अपराध के विभिन्न तरीकों की जानकारी देते हुए ऑनलाइन ठगी से बचने के लिए सतर्क रहने की समझाइश दी। कार्यक्रम के बाद विद्यार्थियों को सांत्वना पुरस्कार भी प्रदान किए गए।

चौकी गिरौदपुरी क्षेत्र के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गिरौदपुरी में करीब 80 विद्यार्थियों, प्राचार्य और शिक्षकों की मौजूदगी में साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

पुलिस टीम ने विद्यार्थियों को साइबर फ्रॉड के अलग-अलग तरीकों की जानकारी देते हुए सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने की समझाइश दी। विद्यार्थियों को QR कोड स्कैन कर साइबर जागृति अभियान से जोड़ा गया। साथ ही निबंध प्रतियोगिता भी आयोजित की गई, जिसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।

बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस ने विद्यार्थियों और आम नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें। अनजान व्यक्ति द्वारा भेजे गए QR कोड को स्कैन करने से पहले पूरी सावधानी बरतें। इसके अलावा OTP, ATM/डेबिट कार्ड की जानकारी, बैंक खाता विवरण, पासवर्ड और अन्य गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें।

पुलिस ने यह भी बताया कि यदि किसी व्यक्ति के साथ साइबर फ्रॉड होता है तो बिना देरी किए राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत करें। समय पर शिकायत करने से ठगी की रकम को रोकने की संभावना बढ़ सकती है।

साइबर अपराध के बढ़ते मामलों के बीच विद्यार्थियों को डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक करना बेहद जरूरी है। बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस का यह अभियान बच्चों और आम नागरिकों को सतर्क डिजिटल व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित कर रहा है। साइबर जागृति अभियान के माध्यम से पुलिस का प्रयास है कि लोग तकनीक का सुरक्षित इस्तेमाल करें और ऑनलाइन ठगी का शिकार होने से बचें।

संपादक { विज्ञापन‍ }

Share this content:

Leave a Comment