हरदीबाजार। सावन माह के प्रथम सोमवार के अवसर पर हरदीबाजार सहित आसपास के शिवालयों में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। सुबह से ही श्रद्धालु भगवान शिव के दर्शन और जलाभिषेक के लिए मंदिरों में पहुंचने लगे। पूरे क्षेत्र में “हर-हर महादेव” और “बोल बम” के जयघोष से भक्तिमय वातावरण बना रहा।
इसी क्रम में हरदीबाजार के शांति नगर स्थित स्वर्गीय कंचन बाई राठौर की स्मृति में निर्मित शिव मंदिर में प्रातः 6 बजे से ही श्रद्धालुओं का आगमन शुरू हो गया। महिला, पुरुष, बुजुर्ग और बच्चों ने पूरे विधि-विधान के साथ भगवान भोलेनाथ का अभिषेक कर सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।
भक्तों ने भगवान शिव को शुद्ध जल, गाय का दूध, दही, पंचामृत, पंचमेवा, बेलपत्र, आक के फूल, धतूरा, कनेर, अपराजिता, मंदार के पुष्प, दूर्वा, अक्षत, मौसमी फल, मिठाई सहित विभिन्न पूजन सामग्री अर्पित की। जलाभिषेक के बाद श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से शिव आरती एवं स्तुति-गायन किया, जिससे पूरा मंदिर परिसर शिवमय वातावरण में सराबोर हो गया।
मंदिर में पहुंचे श्रद्धालुओं ने भगवान शिव से परिवार की सुख-समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और प्रदेश व देश में शांति एवं खुशहाली की प्रार्थना की। बच्चों ने भी पूरे उत्साह के साथ जल अर्पित कर भोलेनाथ का आशीर्वाद प्राप्त किया।
मंदिर संयोजक राजाराम राठौर ने बताया कि सावन का प्रथम सोमवार भगवान शिव की आराधना के लिए विशेष महत्व रखता है। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे और सभी ने अनुशासित ढंग से दर्शन-पूजन किया। पूजा-अर्चना के पश्चात उन्होंने उपस्थित सभी श्रद्धालुओं के बीच सूखा प्रसाद वितरित किया।
सावन के प्रथम सोमवार पर शांति नगर शिव मंदिर में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि भगवान भोलेनाथ के प्रति लोगों की आस्था आज भी उतनी ही गहरी और अटूट है। पूरे दिन मंदिर परिसर में भक्तों का आना-जाना लगा रहा और भक्ति, श्रद्धा तथा आध्यात्मिक उल्लास का वातावरण बना रहा।