गुरु पूर्णिमा पर सरस्वती शिशु मंदिर में आचार्यों का सम्मान, सेवानिवृत्त आचार्य लखनलाल वर्मा बने ‘शिक्षक रत्न’
बलौदाबाजार: स्थानीय सरस्वती शिशु मंदिर उच्च माध्यमिक विद्यालय, बलौदाबाजार में गुरु पूर्णिमा का पर्व श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के वातावरण में मनाया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय संचालन समिति के अध्यक्ष खोड़स राम कश्यप, सचिव राज नारायण केसरवानी, सहसचिव श्रीमती नीलम सोनी, कोषाध्यक्ष अक्षर अग्रवाल, कार्यकारिणी सदस्य शिव शंकर अग्रवाल, जामवंत वर्मा तथा सेवानिवृत्त आचार्य लखनलाल वर्मा ने माँ सरस्वती, ॐ, भारत माता एवं महर्षि वेदव्यास के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित व पुष्पार्चन कर किया।
इस अवसर पर छात्र-छात्राओं (भैया-बहनों) ने गुरु महिमा पर केंद्रित गीत, भाषण और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर गुरुओं के प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त की। कार्यक्रम में विद्यालय के समस्त आचार्यों एवं दीदियों को श्रीफल, उपहार तथा सम्मान-पत्र भेंट कर सम्मानित किया गया। वहीं, उत्कृष्ट शैक्षिक योगदान के लिए सेवानिवृत्त आचार्य लखनलाल वर्मा को ‘शिक्षक रत्न सम्मान’ से अलंकृत किया गया।
विद्यालय संचालन समिति के अध्यक्ष खोड़स राम कश्यप ने अपने संबोधन में गुरु की महत्ता को रेखांकित करते हुए कहा कि गुरु ही समाज और राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य की नींव रखते हैं। उन्होंने आचार्यों के समर्पण और सेवा भावना की सराहना की।
विशेष उपलब्धियों के तहत कक्षा 12वीं की बोर्ड परीक्षा में विद्यालय में सर्वोच्च अंक प्राप्त करने वाली छात्रा (बहन) रश्मि बंजारे को ‘विद्यालय रत्न सम्मान’ से नवाजा गया। इसके साथ ही जिला प्रवेश उत्सव में भाग लेने वाले विद्यार्थियों को स्मृति-चिह्न प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
कार्यक्रम का सफल संचालन अनुपा चंद्राकर दीदी के मार्गदर्शन में बहन दीप्ति साहू द्वारा किया गया। अंत में विद्यालय के प्राचार्य त्रिलोचन साहू ने उपस्थित अतिथियों, अभिभावकों एवं प्रबुद्धजनों के प्रति आभार व्यक्त किया।