देवभोग। श्रावण माह के प्रथम दिन देवभोग क्षेत्र के ग्राम खोकसरा में शिवभक्ति का अद्भुत उत्साह देखने को मिला। सुबह से ही स्थानीय शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। पूरा क्षेत्र ‘बोल बम’ और ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से शिवमय हो गया।
खोकसरा स्थित मोटरा नदी तट पर बने प्रमुख शिव मंदिर में भगवान भोलेनाथ के जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं। भक्तों ने बेलपत्र, धतूरा, दूध, पुष्प एवं पवित्र जल अर्पित कर भगवान आशुतोष की पूजा-अर्चना की तथा परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
श्रावण के पहले दिन कांवरियों में भी विशेष उत्साह देखने को मिला। श्रद्धालु मोटरा नदी से पवित्र जल भरकर भगवा वस्त्र धारण किए हुए भजन-कीर्तन और “बोल बम का नारा है, बाबा एक सहारा है” के जयघोष के साथ मंदिर पहुंचे। खोकसरा के अलावा पड़ोसी राज्य ओडिशा के कालाहांडी तथा आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचे।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर के पुजारी दास परिवार, खोकसरा के समस्त नागरिकों, बोल बम समिति एवं स्थानीय युवाओं द्वारा विशेष व्यवस्थाएं की गई थीं। भीड़ को व्यवस्थित रखने, जलाभिषेक को सुचारू रूप से संपन्न कराने तथा श्रद्धालुओं की सहायता के लिए स्वयंसेवक पूरे समय तैनात रहे।
मंदिर समिति ने बताया कि पूरे श्रावण मास के दौरान प्रतिदिन विशेष आरती, भजन-कीर्तन, रुद्राभिषेक एवं विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।