पलारी। ग्राम रोहांसी के बंधवा तालाब पार में कानून की धज्जियां उड़ाकर सजी जुए की महफिल को थाना पलारी पुलिस ने शनिवार को एक झटके में उजाड़ दिया। मुखबिर की सटीक सूचना पर पुलिस ने ऐसी घेराबंदी की कि ‘काट पत्ती’ पर रुपये-पैसों का दांव लगा रहे पांचों जुआरियों की एक भी चाल नहीं चल सकी। मौके से सभी को रंगे हाथों गिरफ्तार कर ₹2,010 नकद और 52 पत्ती ताश जब्त की गई।
पकड़े गए आरोपियों में ईश्वर साहू, दीपक यादव, चुनगु टंडन, मोहम्मद बेग और हेमसागर धृतलहरे शामिल हैं। सभी के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम, 2022 की धारा 3(2) के तहत अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।
पुलिस अधीक्षक गौरव राय (IPS) के निर्देशन में थाना प्रभारी परिवेश तिवारी के नेतृत्व में पलारी पुलिस जुआ, सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ लगातार आक्रामक कार्रवाई कर रही है। थाना क्षेत्र में लगातार हो रही ऐसी कार्रवाइयां यह स्पष्ट संकेत हैं कि कानून का उल्लंघन करने वालों के लिए अब कोई ढिलाई नहीं है। पलारी पुलिस ने साफ कर दिया है कि अवैध गतिविधियों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और अभियान आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा।