ग्राम मुण्डा में निःशुल्क आयुष शिविर आयोजित; 313 ग्रामीणों ने कराया इलाज
बलौदाबाजार, 22 जुलाई 2026: संचालनालय आयुष, रायपुर के निर्देशानुसार तहसील लवन के ग्राम मुण्डा में आयुष विभाग द्वारा एक दिवसीय निःशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं उपचार शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में पहुँचे ग्रामीणों ने आयुष चिकित्सा पद्धति का लाभ उठाया।
शिविर के दौरान कुल 313 मरीजों का पंजीयन कर उनका मुफ्त इलाज व औषधियों का वितरण किया गया। इसमें आयुर्वेद विभाग से 206 और होम्योपैथी विभाग से 107 मरीज लाभान्वित हुए। अधिकांश मरीज वात (जोड़ों का दर्द), शुगर और चर्म रोग से संबंधित समस्याओं के इलाज के लिए पहुँचे थे।
शिविर में आयुष विभाग के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. एल. एस. ध्रुव, डॉ. नेक दत्त बरतामसी एवं डॉ. विवेक वर्मा द्वारा मरीजों का गहन स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें आवश्यक परामर्श एवं निःशुल्क दवाएं प्रदान की गईं।
शिविर का शुभारंभ स्थानीय ग्राम सरपंच, सचिव तथा गणमान्य नागरिकों की मौजूदगी में हुआ। इस अवसर पर भारी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे और उन्होंने आयुष विभाग के इस जनहितकारी पहल की सराहना की।