डिजिटल क्रॉप सर्वे: बेहतर प्रशिक्षण लेकर शुद्ध गिरदावरी सुनिश्चित करें – कलेक्टर कुलदीप शर्मा
-
जिला ऑडिटोरियम बलौदाबाजार में राजस्व अधिकारियों को दिया गया डिजिटल क्रॉप सर्वे का प्रशिक्षण
-
डिजिटल किसान किताब में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 15 पटवारी हुए सम्मानित
बलौदाबाजार। राजस्व विभाग के निर्देशानुसार वर्तमान खरीफ सीजन में फसलों एवं रकबे की सटीक जानकारी दर्ज करने के उद्देश्य से बुधवार को जिला ऑडिटोरियम में डिजिटल क्रॉप सर्वे का एक दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिले के एसडीएम, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, राजस्व निरीक्षक (RI), पटवारी एवं ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी (REAO) बड़ी संख्या में शामिल हुए।
प्रशिक्षण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने कहा कि “डिजिटल क्रॉप सर्वे शासन की एक अत्यंत महत्वपूर्ण और महत्वाकांक्षी योजना है, जिसमें पटवारियों की भूमिका मुख्य है।” उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिया कि प्रशिक्षण की हर बारीकी को गंभीरता से समझें ताकि गिरदावरी का कार्य पूरी तरह शुद्ध और त्रुटिरहित हो।
कलेक्टर ने सभी तहसीलों में जल्द सर्वेयर नियुक्त करने तथा पिछले वर्ष लापरवाही बरतने वाले सर्वेयरों को इस बार न रखने के कड़े निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने नामांतरण, बटांकन और सीमांकन जैसे रूटीन राजस्व कार्यों में तेजी लाने को कहा।
प्रशिक्षण के दौरान जानकारी दी गई कि इस बार आंकड़ों की पारदर्शिता और सटीकता के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का उपयोग किया जा रहा है:
-
फेस आधारित e-KYC: फर्जी सर्वेयरों को रोकने के लिए सर्वेयरों की चेहरा पहचान प्रणाली से ई-केवाईसी होगी।
-
एंगल बेस्ड कवरेज: गलत प्लॉट या खेत का सर्वे न हो, इसके लिए जीपीएस आधारित एंगल सिस्टम विकसित किया गया है।
-
स्पष्ट फोटो अनिवार्य: धुंधली या अस्पष्ट तस्वीरें ऐप द्वारा स्वीकार नहीं की जाएंगी, जिससे अनुमोदन के समय फसल स्पष्ट दिखाई दे। संभव हो तो किसानों की जागरूक सहभागिता के लिए उनकी फोटो भी ली जाएगी।
कलेक्टर श्री शर्मा ने कृषि विभाग के अधिकारियों को कृषक उन्नति योजना के तहत इस वर्ष निर्धारित 10 हजार एकड़ लक्ष्य पर विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने बताया कि धान के स्थान पर अन्य लाभदायक फसलें लगाने पर शासन द्वारा किसानों को ₹15,000 प्रति एकड़ की दर से आदान सहायता राशि दी जा रही है।
डिजिटल किसान किताब तैयार करने में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 15 पटवारियों को कलेक्टर द्वारा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया और डिजिटल क्रॉप सर्वे में भी इसी प्रकार लगन से कार्य करने हेतु प्रोत्साहित किया गया।