जय जगन्नाथ’ के जयघोष से भक्तिमय हुआ छुरा नगर, 

BHUPENDRA SINHA

July 17, 2026

भारी बारिश के बाद भव्य श्रद्धा और उल्लास के साथ निकली भगवान श्री जगन्नाथ की रथ यात्रा,

छुरा /गरियाबंद:-  नगर में गुरुवार को भगवान श्री जगन्नाथ की पावन रथ यात्रा श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ संपन्न हुई। रथ यात्रा प्रारंभ होने से पूर्व नगर में तेज बारिश हुई, जिससे कुछ समय के लिए कार्यक्रम प्रभावित हुआ। वर्षा थमने के बाद भगवान श्री जगन्नाथ, बलभद्र एवं माता सुभद्रा का विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया गया। इसके पश्चात भव्य रथ यात्रा मानस मंदिर प्रांगण से प्रारंभ होकर नगर भ्रमण करते हुए राजमहल स्थित श्री राधा-कृष्ण मंदिर तक पहुंची।

रथ यात्रा के दौरान पूरा नगर “हरि बोल” और “जय जगन्नाथ” के जयघोष से भक्तिमय हो उठा। नगर के महिला, पुरुष, युवा एवं बच्चों सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु यात्रा में शामिल हुए। श्रद्धालु पूरे मार्ग में भजन-कीर्तन करते हुए भगवान के रथ के साथ चलते रहे।

रथ यात्रा का प्रमुख आकर्षण भगवान नृसिंह अवतार की मनमोहक झांकी रही, जिसने श्रद्धालुओं का विशेष ध्यान आकर्षित किया। वहीं ओड़िया भजन मंडली ने पारंपरिक भजनों एवं संकीर्तन की मधुर प्रस्तुति देकर पूरे वातावरण को भक्तिरस से सराबोर कर दिया। भक्तगण नृत्य-कीर्तन करते हुए पूरे उत्साह के साथ यात्रा में आगे बढ़ते रहे।

यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के बीच गजा, मूंग सहित विभिन्न प्रकार के प्रसाद का वितरण किया गया। नगरवासियों ने पूरे मार्ग में भगवान के दर्शन कर पुष्पवर्षा एवं श्रद्धापूर्वक स्वागत किया।

इस वर्ष रथ यात्रा में दानदाताओं का भी उल्लेखनीय सहयोग प्राप्त हुआ। श्रद्धालुओं ने अपनी स्वेच्छा से आर्थिक सहयोग के साथ-साथ मूंग, चना, सब्जियां, पूजा सामग्री, किराना सामग्री, विद्युत सामग्री तथा अन्य आवश्यक वस्तुएं अर्पित कर भगवान की सेवा में अपनी सहभागिता निभाई।

रथ यात्रा के सफल एवं सुव्यवस्थित संचालन में नगर पंचायत, विद्युत विभाग एवं पुलिस विभाग का सराहनीय योगदान रहा। थाना प्रभारी अपनी पूरी पुलिस टीम के साथ यात्रा के दौरान लगातार सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था संभालते रहे। वहीं विद्युत विभाग के कर्मचारियों ने रथ के सुरक्षित आवागमन के लिए पूरे मार्ग में बिजली के तारों का समुचित प्रबंधन किया। नगर पंचायत द्वारा भी आवश्यक सुविधाएं एवं टैंकर सहित अन्य व्यवस्थाएं उपलब्ध कराई गईं, जिससे यात्रा सुचारु रूप से संपन्न हुई।

नगरवासियों के आपसी सहयोग, अनुशासन एवं धार्मिक आस्था के कारण भगवान श्री जगन्नाथ की रथ यात्रा अत्यंत भव्य, शांतिपूर्ण एवं सफल रही। पूरे नगर में हर्ष, उल्लास और भक्ति का वातावरण बना रहा तथा श्रद्धालुओं ने भगवान श्री जगन्नाथ से सुख, समृद्धि एवं कल्याण की कामना की।

सह संपादक

Share this content:

Leave a Comment