एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान: कलेक्ट्रेट परिसर में कलेक्टर सहित अधिकारियों ने रोपे फलदार पौधे
समाचार,11 जुलाई 2026/ पर्यावरण संरक्षण और हरियाली को बढ़ावा देने के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के राष्ट्रव्यापी आह्वान पर शुरू किए गए ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत आज कलेक्ट्रेट परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान कलेक्टर कुलदीप शर्मा,पुलिस अधीक्षक ओ पी शर्मा,वनमण्डलाधिकारी धम्मशील गणवीर सहित जिले के वरिष्ठ अधिकारियों ने फलदार और छायादार पौधों का रोपण किया।
कलेक्टर श्री शर्मा ने स्वयं जामुन पौधे का रोपण किया और उसे पानी दिया। इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा यह अभियान सिर्फ पौधे लगाने का नहीं, बल्कि अपनी माँ के प्रति सम्मान और धरती माता के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का एक अनूठा जरिया है। कलेक्ट्रेट परिसर में लगाए गए इन पौधों की सुरक्षा और देखभाल की पूरी जिम्मेदारी भी हमारी है, ताकि ये आने वाले समय में वृक्ष बनकर परिसर को हरा-भरा और प्रदूषण मुक्त बना सकें।इस अभियान के तहत अधिकारियो ने आम, जामुन, अमरूद, आंवला और नीम जैसे कई उपयोगी व फलदार पौधे लगाए ।
कार्यक्रम मे सीईओ जिला पंचायत सुश्री दिव्या अग्रवाल, अपर कलेक्टर दीप्ति गोते, अभिषेक गुप्ता,निशा नेताम मड़ावी, सीमा ठाकुर,अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक सिंह सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी एवं कर्मचारियों ने पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लिया।