बिलासपुर। 8 जुलाई 2026 जिले में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने और विद्यालयों में शैक्षणिक व्यवस्था को मजबूत करने के लिए कलेक्टर संजय अग्रवाल के निर्देश पर सघन निरीक्षण अभियान जारी है। कलेक्टर ने प्राचार्यों और संकुल शैक्षिक समन्वयकों की बैठक में सख्त निर्देश दिए थे, जिसके बाद जिला एवं विकासखंड स्तरीय अधिकारी लगातार स्कूलों का जायजा ले रहे हैं।
इसी कड़ी में नवपदस्थ जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) रामेश्वर जायसवाल ने आज कोटा विकासखंड के चार प्रमुख स्कूलों — शासकीय विद्यालय तेंदुआ, स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय करगीकला, शासकीय हाई स्कूल धूमा और सेजेस विद्यालय कोटा — का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान DEO जायसवाल ने सीधे कक्षाओं में पहुँचकर विद्यार्थियों से संवाद किया और उनकी शैक्षणिक प्रगति की जानकारी ली। इसके अलावा उन्होंने अध्यापन व्यवस्था, वार्षिक शैक्षणिक कैलेंडर, शिक्षकों की दैनंदिनी (डायरी), विद्यार्थियों व शिक्षकों की उपस्थिति पंजिका और अन्य आवश्यक अभिलेखों का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने सभी स्कूलों को नियमित एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिला शिक्षा अधिकारी ने स्पष्ट किया कि जिले में शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने के लिए जिला और विकासखंड स्तर के अधिकारियों द्वारा औचक निरीक्षण आगे भी नियमित रूप से जारी रहेगा। किसी भी प्रकार की लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है। इस अभियान से शिक्षकों में जवाबदेही बढ़ने तथा विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।