महासमुंद। जिले की थाना कोमाखान पुलिस और एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स (ANTF) ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए ओडिशा के भवानीपटना से मध्यप्रदेश के इंदौर ले जाई जा रही भारी मात्रा में गांजा की खेप बरामद की है। पुलिस ने दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 62.160 किलोग्राम गांजा, एक कार और एक मोबाइल फोन समेत कुल 36 लाख 13 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की है।
पुलिस के अनुसार जिले के बॉर्डर चेक पोस्टों पर अवैध मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए लगातार सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान थाना कोमाखान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि मध्यप्रदेश नंबर की एक सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर कार (एमपी-13-जेडडब्ल्यू-9964) में दो व्यक्ति ओडिशा से गांजा लेकर छत्तीसगढ़ के रास्ते इंदौर जा रहे हैं।
सूचना के आधार पर ग्राम गोयनाबाहरा के पास वाहन चेकिंग के दौरान संदिग्ध कार को रोककर तलाशी ली गई। पुलिस ने कार में बनाए गए दो गुप्त चैंबरों से 62.160 किलोग्राम गांजा बरामद किया। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे भवानीपटना (ओडिशा) से गांजा लेकर इंदौर (मध्यप्रदेश) जा रहे थे।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुरेश मालवीय (30), निवासी देवली पीपलोन, थाना आगर, जिला सागर (मध्यप्रदेश) तथा एल्कार सेन (30), निवासी मारूबल्डिया, थाना बड़ोद, जिला आगर (मध्यप्रदेश) के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना कोमाखान में अपराध क्रमांक 99/2026 के तहत धारा 20(बी)(ii)(सी) एवं 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब इंड-टू-इंड और फाइनेंशियल इन्वेस्टिगेशन के माध्यम से तस्करी नेटवर्क के अन्य सदस्यों की भी तलाश कर रही है।
जब्त सामग्री
– 62.160 किलोग्राम गांजा (कीमत 31.08 लाख रुपये)
– स्विफ्ट डिजायर कार (कीमत 5 लाख रुपये)
– एक मोबाइल फोन (कीमत 5 हजार रुपये)
कुल जब्त संपत्ति की कीमत 36 लाख 13 हजार रुपये आंकी गई है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सटीक सूचना और त्वरित कार्रवाई के चलते बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ की तस्करी को विफल किया गया।