छुरा/ गरियाबंद :- गायत्री शक्तिपीठ, छुरा में रविवार को युवा जागरण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में 15 वर्ष एवं उससे अधिक आयु के युवक-युवतियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार, दीप प्रज्वलन एवं गायत्री महामंत्र के साथ हुआ। मुख्य वक्ता चंदू लाल साहू (परियोजना अधिकारी महिला बाल विकास विभाग) ने युवाओं को नशामुक्त, अनुशासित, संस्कारवान एवं राष्ट्रहित के प्रति समर्पित जीवन जीने की प्रेरणा दी।
साथ ही समय का सदुपयोग, पारिवारिक मूल्यों का संरक्षण, सामाजिक उत्तरदायित्व तथा सकारात्मक सोच के महत्व पर प्रकाश डाला । योगाचार्य मिथलेश कुमार सिन्हा ने स्वास्थ्य पर जोर देते हुए कहा कि पहला सुख निरोगी काया है , शरीर का ध्यान रखें, भारतीय भोजन करें,भारतीय पद्धति से करें और बीमारी तथा बुराइयों से बचें समय का सदुपयोग करें। समाजसेवी शीतल ध्रुव ने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि समय प्रबंधन के साथ काम करें,संगति अच्छा रखें, निरंतर सीखते रहे, अपनी कमजोरियों को दूर करें,धैर्य एवं संयम से काम ले ।

शिविर में विभिन्न प्रेरक सत्र, समूह चर्चा, व्यक्तित्व विकास संबंधी गतिविधियाँ तथा सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ आयोजित की गईं, जिनमें युवाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। उपस्थित युवाओं ने अपने जीवन में नैतिक मूल्यों को अपनाने, समाज सेवा एवं राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के दौरान सभी प्रतिभागियों के लिए दोपहर के भोजन की व्यवस्था भी की गई। अंत में आयोजकों ने सभी प्रतिभागियों, अभिभावकों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे प्रेरणादायी कार्यक्रमों में अधिक से अधिक युवाओं की सहभागिता का आह्वान किया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में चरित्र निर्माण, व्यक्तित्व विकास, संस्कार जागरण तथा राष्ट्र निर्माण की भावना का विकास करना था।
इस अवसर पर तिजऊ राम साहू,नरसिंह सोम,पुखराज ठाकुर, केशव प्रसाद साहू, शेषनारायन देवांगन,हरीश मेश्राम , तिहारु राम साहू, भुनेश्वर पटेल, दीपाली सारस्वत,चंद्रकला यादव,संध्या यदु, घासीन साहू,नंदनी साहू,हर्षिता पटेल, एवं छात्र छात्राएं उपस्थित रहे ।