नए कानूनों से लेकर साइबर सुरक्षा तक, ग्राम धमनी में चला जागरूकता महाअभियान ## महिला कमांडो के साथ पलारी पुलिस ने किया फ्लैग मार्च, हेलमेट युक्त और नशा मुक्त गांव बनाने का लिया संकल्प

TOSHAN PRASAD CHOUBEY

June 23, 2026


पलारी। पुलिस अधीक्षक श्री ओ.पी. शर्मा के निर्देशन में थाना पलारी पुलिस द्वारा मंगलवार को ग्राम धमनी में व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया गया। थाना प्रभारी परिवेश तिवारी के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में ग्रामीणों को नवीन न्याय संहिता, साइबर सुरक्षा, यातायात नियमों, महिला सुरक्षा तथा नशा मुक्ति के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि, महिलाएं और युवा शामिल हुए।

कार्यक्रम के दौरान थाना प्रभारी परिवेश तिवारी ने ग्रामीणों को नवीन न्याय संहिता के विभिन्न प्रावधानों की जानकारी देते हुए बताया कि नए कानून नागरिकों को अधिक सुलभ और त्वरित न्याय दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होंगे। उन्होंने लोगों से कानूनों की जानकारी रखने और अपने अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक रहने की अपील की।
साइबर अपराधों के बढ़ते मामलों को देखते हुए पुलिस टीम ने ग्रामीणों को ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, बैंक फ्रॉड, ओटीपी शेयरिंग, सोशल मीडिया हैकिंग और फर्जी लिंक से बचने के उपाय बताए। ग्रामीणों को किसी भी संदिग्ध कॉल या ऑनलाइन गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने के लिए कहा गया।
कार्यक्रम में सड़क सुरक्षा को लेकर विशेष जागरूकता अभियान भी चलाया गया। थाना प्रभारी परिवेश तिवारी ने कहा कि “सड़क सुरक्षा-जीवन रक्षा” अभियान को सफल बनाने के लिए प्रत्येक नागरिक को हेलमेट पहनना अनिवार्य रूप से अपनाना चाहिए। इस दौरान ग्रामवासियों ने ग्राम धमनी को पूर्ण रूप से ‘हेलमेट युक्त ग्राम’ बनाने का संकल्प लिया।
ग्रामीणों को गांव की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से प्रमुख चौराहों, सार्वजनिक स्थलों एवं घरों के बाहर सीसीटीवी कैमरे लगाने के लिए प्रेरित किया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सीसीटीवी कैमरे अपराधों की रोकथाम और घटनाओं के त्वरित खुलासे में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
शाम के समय थाना पलारी पुलिस ने महिला कमांडो अध्यक्ष श्रीमती जोऊरहीन बाई और महिला कमांडो दल के साथ पूरे गांव में फ्लैग मार्च किया। फ्लैग मार्च के दौरान ग्रामीणों को सुरक्षा का भरोसा दिलाते हुए महिलाओं एवं बच्चों से संवाद भी किया गया। पुलिस की इस पहल से ग्रामीणों में सुरक्षा की भावना और अधिक मजबूत हुई।
ग्राम धमनी के ग्रामीणों ने अपने गांव को नशा मुक्त बनाए रखने के संकल्प को दोहराया। पुलिस ने युवाओं को नशे से दूर रहकर समाज के विकास में भागीदारी निभाने का संदेश दिया।

कार्यक्रम में ग्राम पंचायत के सरपंच श्री हरदयाल पैकरा, उपसरपंच श्री पिलाराम निर्मलकर, महिला कमांडो अध्यक्ष श्रीमती जोऊरहीन बाई, युवा ग्राम समिति के पदाधिकारी, ग्राम की सक्रिय महिलाएं, युवा एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
पुलिस अधीक्षक श्री ओ.पी. शर्मा ने इस सफल आयोजन के लिए ग्रामवासियों और थाना पलारी पुलिस टीम की सराहना करते हुए कहा कि पुलिस और जनता के आपसी सहयोग से ही सुरक्षित, जागरूक और अपराध मुक्त समाज का निर्माण संभव है।

प्रबंध संपादक (Managing Editor)

Share this content:

Leave a Comment