
पलारी। किसी भी समाज की वास्तविक शक्ति उसकी मातृशक्ति होती है और जब वही शक्ति नेतृत्व संभाल ले तो बदलाव की नई इबारत लिखी जाती है। अखंड ब्राह्मण समाज सेवा समिति के नारीशक्ति प्रकोष्ठ पलारी की अध्यक्षा श्रीमती यशप्रभा पाण्डेय ऐसी ही शख्सियत हैं, जिन्होंने अपने समर्पण, अथक परिश्रम और संगठन क्षमता के बल पर पलारी क्षेत्र की महिलाओं को एक नई पहचान दिलाने का कार्य किया है। आज उनके जन्मदिन पर पूरे ब्राह्मण समाज में हर्ष का वातावरण है।
अखंड ब्राह्मण समाज पलारी के अध्यक्ष उमाशंकर मिश्राने समस्त समाज की ओर से जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यशप्रभा पाण्डेय ने उस समय महिलाओं को संगठित करने का बीड़ा उठाया, जब समाज में महिलाओं की सहभागिता सीमित थी। उन्होंने घर-घर पहुंचकर मातृशक्ति को जागृत किया, उन्हें समाज के कार्यों से जोड़ा और एक मजबूत महिला समूह खड़ा किया। आज समाज की महिलाओं की सक्रिय उपस्थिति उनके अथक प्रयासों का परिणाम है।
उन्होंने कहा कि यशप्रभा पाण्डेय ने केवल एक पद की जिम्मेदारी नहीं निभाई, बल्कि समाज की बहनों और बेटियों के आत्मविश्वास को मजबूत करने का कार्य किया है। सामाजिक गतिविधियों से लेकर पारिवारिक दायित्वों तक, उन्होंने हर भूमिका का निर्वहन पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ किया है। उनका स्नेह, सरलता और समाज के प्रति समर्पण उन्हें सभी के बीच सम्माननीय बनाता है।
वहीं अखंड ब्राह्मण समाज सेवा समिति छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष योगेश तिवारी ने जन्मदिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यशप्रभा पाण्डेय समाज सेवा के क्षेत्र में निरंतर उत्कृष्ट कार्य कर रही हैं। उन्होंने ईश्वर से उनके उत्तम स्वास्थ्य, सुख, समृद्धि, यश, सम्मान एवं दीर्घायु जीवन की कामना करते हुए कहा कि उनका जीवन सदैव खुशियों, सफलता और मंगलमय उपलब्धियों से परिपूर्ण रहे तथा समाज सेवा के क्षेत्र में उनका योगदान निरंतर बढ़ता रहे।
समाज के वरिष्ठजनों का कहना है कि यशप्रभा पाण्डेय ने अपने नाम के अनुरूप समाज में यश अर्जित किया है। उनके नेतृत्व में नारीशक्ति को नई ऊर्जा मिली है और समाज को एक नई दिशा। जन्मदिन के इस विशेष अवसर पर समाज के पदाधिकारियों, महिलाओं और युवाओं ने उनके स्वस्थ, सुखी एवं दीर्घायु जीवन की कामना करते हुए कहा कि उनका मार्गदर्शन समाज को लंबे समय तक मिलता रहे।
समाज सेवा, संगठन और मातृशक्ति के सशक्त नेतृत्व की पहचान बन चुकी यशप्रभा पाण्डेय को जन्मदिन पर हर वर्ग से शुभकामनाएं मिल रही हैं।