बढ़ते साइबर अपराधों को देखते लोगों को सतर्क रहने की जरूरत ## पुलिस ने कहा — छोटी सी लापरवाही बन सकती है बड़े नुकसान की वजह

TOSHAN PRASAD CHOUBEY

May 24, 2026


बलौदाबाजार-भाटापारा |

बढ़ते साइबर अपराधों और ऑनलाइन ठगी की घटनाओं को देखते हुए बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस द्वारा लोगों को लगातार जागरूक किया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक ओ. पी. शर्मा के निर्देशन में सोशल मीडिया पोस्ट एवं जनजागरूकता अभियान के जरिए नागरिकों को साइबर सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी जा रही है।

पुलिस प्रशासन ने कहा है कि वर्तमान समय में साइबर ठग नए-नए तरीकों से लोगों को अपना शिकार बना रहे हैं। ऐसे में लोगों को विशेष सावधानी बरतने और हर ऑनलाइन गतिविधि के दौरान सतर्क रहने की जरूरत है। छोटी सी लापरवाही भी आर्थिक नुकसान और धोखाधड़ी का कारण बन सकती है।

अभियान के तहत लोगों से अपील की गई है कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें, ओटीपी, पासवर्ड और बैंक संबंधी जानकारी किसी के साथ साझा न करें। साथ ही संदिग्ध कॉल, मैसेज और फर्जी ऑनलाइन ऑफर से सावधान रहने की सलाह दी गई है।

पुलिस का कहना है कि साइबर अपराध से बचने के लिए सजगता, सतर्कता और सावधानी बेहद जरूरी है। किसी भी प्रकार की संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि दिखाई देने पर तुरंत पुलिस अथवा साइबर हेल्पलाइन को सूचना देने की अपील की गई है।

पुलिस का संदेश — आपके साथ, आपके लिए, हमेशा” — सोशल मीडिया अभियान के माध्यम से लगातार लोगों तक पहुंचाया जा रहा है।

प्रबंध संपादक (Managing Editor)

Share this content:

Leave a Comment