रोहांसी में क्रिकेट का रोमांच चरम पर, वार्ड 3 ने दमदार प्रदर्शन कर जीता खिताब, पुष्कर सागर बने मैन ऑफ द सीरीज

TOSHAN PRASAD CHOUBEY

May 23, 2026

रोहांसी। नगर पंचायत रोहांसी में आयोजित वार्ड स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला रविवार को रोमांच, उत्साह और जबरदस्त खेल भावना के बीच संपन्न हुआ। पूरे टूर्नामेंट में खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन कर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। फाइनल मुकाबले में वार्ड 3 की टीम ने दमदार खेल दिखाते हुए प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम किया।

फाइनल मैच में वार्ड 3 के खिलाड़ियों ने शुरुआत से ही आक्रामक अंदाज अपनाया। कप्तान राकेश के नेतृत्व में निक्कू, रोमित, पुष्कर, अरुण, रोशन, आर्यन, सोनू, उदित नारायण एवं मुकेश ने शानदार बल्लेबाजी और बेहतरीन फील्डिंग का प्रदर्शन किया। खिलाड़ियों के चौके-छक्कों और मैदान में जबरदस्त उत्साह ने दर्शकों को अंत तक बांधे रखा।
पूरे टूर्नामेंट में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पुष्कर सागर को “मैन ऑफ द सीरीज” पुरस्कार से सम्मानित किया गया। पुरस्कार वितरण के दौरान मैदान तालियों की गूंज से गूंज उठा।
वहीं वार्ड 5 की टीम ने भी शानदार खेल दिखाते हुए उपविजेता का स्थान हासिल किया। टीम के कप्तान खिलावन, भूपेंद्र गुरुजी, भरत, टिकेश्वर एवं अन्य खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन कर दर्शकों की सराहना प्राप्त की।

फाइनल मुकाबले के दौरान नगर अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, समस्त पार्षदगण, व्यापारीगण, आयोजन समिति के सदस्य एवं बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे। आयोजन समिति ने सभी खिलाड़ियों, अतिथियों, सहयोगकर्ताओं एवं दर्शकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं में खेल भावना, भाईचारा और एकता को बढ़ावा देते हैं।

प्रतियोगिता के समापन पर विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया तथा सभी खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।

प्रबंध संपादक (Managing Editor)

Share this content:

Leave a Comment