महासमुंद/बसना। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और परिवहन पर लगाम लगाने के लिए पुलिस द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है। एन्टी नारकोटिक टास्क फोर्स के निर्देश पर जिलेभर में सघन चेकिंग अभियान जारी है। इसी दौरान थाना कोमाखान पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने एक आर्टिका कार से 24 किलो गांजा बरामद करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि उड़ीसा से छत्तीसगढ़ की ओर एक सिल्वर रंग की आर्टिका कार क्रमांक CG 06 GQ 7733 में दो व्यक्ति अवैध मादक पदार्थ गांजा लेकर जा रहे हैं। सूचना के आधार पर थाना कोमाखान पुलिस द्वारा क्षेत्र में सघन चेकिंग शुरू की गई।
चेकिंग के दौरान मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिये की आर्टिका कार को रोककर पूछताछ की गई। वाहन चालक ने अपना नाम प्रेमलाल विभार तथा दूसरे व्यक्ति ने अपना नाम ज्ञानसिंह कश्यप बताया। पुलिस ने संदेह के आधार पर वाहन की तलाशी ली, जिसमें कार की डिक्की से 24 किलो गांजा बरामद हुआ।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे गांजा को उड़ीसा के बालीगुड़ा, जिला कालाहांडी से खरीदकर उत्तरप्रदेश के मौदहा में बिक्री करने के लिए ले जा रहे थे।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना कोमाखान में अपराध क्रमांक 76/2026 के तहत धारा 20(b)(ii)(c) एवं 29 एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।