13 मई 2026 पलारी। नवागांव का रास्ता पूछना एक व्यक्ति के लिए उस वक्त भारी पड़ गया, जब मदद के बहाने तीन युवकों ने उसे सुनसान तालाब किनारे ले जाकर बेल्ट से पीटा और मोबाइल समेत हजारों रुपए लूटकर फरार हो गए। अब इस सनसनीखेज लूटकांड में फरार चल रहे तीसरे आरोपी को भी पलारी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से लूट की रकम में से ₹2000 बरामद किए गए हैं।
मामला थाना पलारी क्षेत्र के ग्राम जंगलोर-नवागांव मार्ग का है। पुलिस के मुताबिक प्रार्थी चंद्रभान आवडे, निवासी ग्राम भोरिंग जिला महासमुंद, 7 मई 2026 की रात अपनी बेटी से मिलने नवागांव जा रहा था। रास्ता भटकने पर उसने जंगलोर के पास खड़े युवकों से नवागांव का रास्ता पूछा। आरोपियों ने पहले भरोसा जीतते हुए उसे मोटरसाइकिल से पीछे आने को कहा, फिर रात करीब 11:30 बजे गौटिया तालाब के पास रोक लिया।
इसके बाद तीनों आरोपियों ने युवक को डराया-धमकाया और बेल्ट से मारपीट कर उसका मोबाइल व करीब ₹8000 नगद लूट लिया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
प्रकरण में थाना पलारी में अपराध क्रमांक 201/2026 धारा 309(6) बीएनएस के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने बीट सिस्टम और मुखबिर तंत्र की मदद से पहले ही दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था, जबकि तीसरा आरोपी फरार चल रहा था।
पुलिस अधीक्षक ओ.पी. शर्मा के निर्देशन में पलारी पुलिस लगातार दबिश दे रही थी। इसी दौरान फरार आरोपी अमन कुमार खंडेलवाल (22), निवासी ग्राम जंगलोर थाना पलारी, को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में उसने अपने साथियों के साथ मिलकर लूट की वारदात को अंजाम देना कबूल कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल, ₹3000 नगदी और वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल CG 22 AE 6081 जब्त की है। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।