बैकुंठपुर-कोरिया। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की बैकुंठपुर-कोरिया इकाई ने विद्यार्थियों के कथित आर्थिक शोषण और शैक्षणिक अनियमितताओं को लेकर एकलव्य आईसेक्ट इंस्टीट्यूट के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। परिषद के कार्यकर्ताओं ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपते हुए कॉलेज प्रबंधन पर विद्यार्थियों से परीक्षा एवं प्रशिक्षण के नाम पर हजारों रुपये लेने, लेकिन परीक्षा आयोजित न कराने और प्रमाण पत्र उपलब्ध न कराने का आरोप लगाया।
अभाविप द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में बताया गया कि सत्र 2024-25 के लगभग 52 विद्यार्थियों से प्रति विद्यार्थी करीब 20 हजार रुपये तक की राशि ली गई थी। वहीं सत्र 2025-26 के करीब 16 विद्यार्थियों से 10 से 15 हजार रुपये तक वसूले गए। विद्यार्थियों का आरोप है कि शुल्क जमा कराने के बावजूद अब तक न तो उनकी परीक्षा कराई गई और न ही किसी प्रकार का प्रमाण पत्र प्रदान किया गया, जिससे उनके भविष्य पर संकट खड़ा हो गया है।
विद्यार्थी परिषद ने मामले को गंभीर बताते हुए जिला प्रशासन से निष्पक्ष जांच की मांग की है। संगठन का कहना है कि शिक्षा के नाम पर विद्यार्थियों से धनराशि लेकर उन्हें परीक्षा और प्रमाण पत्र से वंचित रखना पूरी तरह अन्यायपूर्ण है। परिषद ने दोषी कॉलेज प्रबंधन के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने तथा विद्यार्थियों से ली गई राशि वापस कराने की मांग भी उठाई।
अभाविप कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि दो दिनों के भीतर उचित कार्रवाई नहीं की गई तो संगठन चरणबद्ध आंदोलन शुरू करेगा। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में विद्यार्थी एवं परिषद कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने विद्यार्थियों को न्याय दिलाने और उनके भविष्य को सुरक्षित करने की मांग की। जिला प्रशासन ने मामले में जांच कर दो दिनों के भीतर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।