रोहांसी। नगर पंचायत रोहांसी के मिनी स्टेडियम में 18 अप्रैल 2026 से रात्रिकालीन क्रिकेट प्रतियोगिता की शुरुआत बड़े उत्साह के साथ हुई। उद्घाटन समारोह में नगर पंचायत अध्यक्ष नंदेश्वर साहू ने फीता काटकर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर उपाध्यक्ष पितांबर साहू, सभापति दिनेश साहू, सभापति अजय ध्रुव, पार्षद जितेंद्र कनौजे, पार्षद रामनिवास साहू और पार्षद लखन यादव सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अध्यक्ष नंदेश्वर साहू ने कहा कि खेल गतिविधियां युवाओं के शारीरिक और मानसिक विकास के लिए बेहद जरूरी हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से अनुशासन और खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने की अपील की।
वहीं, इन दिनों टीवी पर आईपीएल का जोश भी चरम पर है, जिसका प्रभाव इस स्थानीय प्रतियोगिता में भी साफ दिखाई दे रहा है। युवा खिलाड़ी आईपीएल से प्रेरित होकर मैदान में बेहतरीन प्रदर्शन करने के लिए उत्साहित नजर आ रहे हैं।
मिनी स्टेडियम में आयोजित इस प्रतियोगिता को लेकर क्षेत्र के खेल प्रेमियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। बड़ी संख्या में दर्शक मैच देखने पहुंच रहे हैं। आयोजकों के अनुसार, प्रतियोगिता में कई टीमें हिस्सा ले रही हैं, जिससे आने वाले दिनों में रोमांचक मुकाबलों की उम्मीद है।