जिले को मिली 5 नई 108 एंबुलेंस, आपात स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगी मजबूती

SARJU PRASAD SAHU

April 3, 2026

सारंगढ़-बिलाईगढ़। जिलेवासियों के लिए राहत भरी खबर है। आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले को 5 नई 108 एंबुलेंस की सौगात मिली है। इन एंबुलेंस के शुरू होने से अब मरीजों को आपात स्थिति में समय पर चिकित्सा सुविधा मिल सकेगी।

नई एंबुलेंस मिलने से विशेष रूप से ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को काफी लाभ मिलेगा। पहले कम एंबुलेंस होने के कारण मरीजों को समय पर सुविधा नहीं मिल पाती थी, लेकिन अब इस समस्या से काफी हद तक राहत मिलने की उम्मीद है। अब लोगों को लंबे इंतजार का सामना नहीं करना पड़ेगा और जरूरत पड़ने पर तुरंत एंबुलेंस उपलब्ध हो सकेगी।

ये सभी एंबुलेंस आधुनिक उपकरणों से सुसज्जित हैं, जिनमें मरीजों को अस्पताल तक सुरक्षित पहुंचाने के साथ-साथ रास्ते में ही प्राथमिक उपचार देने की सुविधा भी उपलब्ध है। इससे गंभीर मरीजों की जान बचाने में मदद मिलेगी।

इस महत्वपूर्ण पहल के लिए क्षेत्रवासियों एवं जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल के प्रति आभार व्यक्त किया है। साथ ही जिले के कलेक्टर और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी की भूमिका की भी सराहना की गई है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि सरकार द्वारा स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और यह पहल उसी दिशा में एक सराहनीय कदम है। नई एंबुलेंस मिलने से जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को नई मजबूती मिलेगी और आमजन को समय पर उपचार उपलब्ध हो सकेगा।

संपादक { विज्ञापन‍ }

Share this content:

Leave a Comment