बसना/महासमुंद। जिला महासमुंद के बसना विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत ब्लॉक कांग्रेस कमेटी सांकरा ने संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। ब्लॉक के चारों मंडल—सांकरा, भगतदेवरी, पिरदा एवं पथरला—में पंचायत एवं बूथ कमेटियों के गठन हेतु मंडल प्रभारियों की नियुक्ति की गई है।
इस जिम्मेदारी के लिए अंकित छाबड़ा, जयलाल बारीक, श्रीमती कांति सूरजाल एवं उमाकांत प्रधान को मंडल प्रभारी बनाया गया है। इनकी नियुक्ति से संगठन में नई ऊर्जा और सक्रियता आने की उम्मीद जताई जा रही है।
जिला पंचायत सदस्य मोक्ष कुमार प्रधान ने सभी नवनियुक्त प्रभारियों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मजबूत बूथ ही मजबूत संगठन की आधारशिला होता है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह टीम बूथ स्तर पर कांग्रेस को और अधिक सशक्त बनाने में अहम भूमिका निभाएगी।
उन्होंने आगे कहा कि यदि सभी प्रभारी समर्पण और मेहनत के साथ कार्य करेंगे तो सांकरा ब्लॉक को महासमुंद जिले में बूथ गठन के मामले में एक आदर्श ब्लॉक बनाया जा सकता है। यह पहल न केवल संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूती देगी, बल्कि आगामी चुनावों में भी कांग्रेस को लाभ पहुंचाएगी।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के इस निर्णय से कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है और सभी ने एकजुट होकर संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प लिया है।