बसना। महासमुंद जिले के बसना थाना क्षेत्र अंतर्गत भंवरपुर चौकी पुलिस ने एक सनसनीखेज हत्या कांड का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि त्रिकोणीय प्रेम संबंध के चलते दो दोस्तों के बीच दुश्मनी पैदा हुई और इसी रंजिश में एक युवक की हत्या कर दी गई।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 1 जून 2026 को चौकी भंवरपुर को सूचना मिली थी कि ग्राम झार उड़ेला निवासी मोंगरे भोई (30 वर्ष) का शव गांव के रविशंकर पटेल की बाड़ी में स्थित बोर के पास संदिग्ध अवस्था में पड़ा हुआ है। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच शुरू की।
घटनास्थल के निरीक्षण के दौरान फॉरेंसिक टीम ने पाया कि मृतक के सिर पर गंभीर चोट के निशान थे, जिससे खून बहा था। इसके अलावा उसके गले में चादर का टुकड़ा लिपटा हुआ मिला तथा शरीर पर संघर्ष के स्पष्ट निशान भी मौजूद थे। पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
पोस्टमार्टम करने वाले चिकित्सक ने अपनी प्रारंभिक रिपोर्ट में युवक की मौत को हत्यात्मक बताया। इसके आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 295/26 के तहत धारा 103(1) बीएनएस में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने मृतक के मोबाइल कॉल डिटेल और उसके अंतिम संपर्कों की पड़ताल की। पूछताछ में पता चला कि घटना से पहले मृतक की अंतिम बातचीत गांव के ही वेदराम पटेल से हुई थी। जानकारी मिली कि वेदराम ने ही मृतक को फोन कर अपने घर बुलाया था। जब पुलिस ने वेदराम की तलाश की तो वह अपने घर से फरार मिला, जिससे उस पर संदेह और गहरा गया।
इसके बाद पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी वेदराम पटेल को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने हत्या की वारदात स्वीकार कर ली। उसने बताया कि एक युवती को लेकर उसके और मोंगरे भोई के बीच त्रिकोणीय प्रेम संबंध का विवाद चल रहा था। इसी कारण उसने मोंगरे को रास्ते से हटाने की योजना बनाई और उसे बुलाकर सिर एवं गर्दन पर जानलेवा हमला कर हत्या कर दी।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर मृतक का मोबाइल फोन, लोअर और चप्पल बरामद किए, जिन्हें आरोपी ने घटना के बाद अलग-अलग स्थानों पर छिपा दिया था। घटना के समय आरोपी द्वारा पहने गए कपड़ों को भी जब्त कर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार, अब तक की विवेचना में आरोपी के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य और सबूत प्राप्त हुए हैं। आरोपी को 3 जून 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की गई।
पुलिस का कहना है कि मामले की आगे की जांच जारी है और अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है। यह घटना क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है, जहां प्रेम प्रसंग के चलते दोस्ती का रिश्ता खून के रिश्ते में बदल गया।