सरायपाली। क्षेत्र के ग्राम जलगढ़ में इन दिनों आस्था, भक्ति और सांस्कृतिक उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है। यहां श्री राधा-कृष्ण मंदिर प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का भव्य आयोजन किया जा रहा है, जो पूरे क्षेत्र के लिए आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। महोत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं ग्रामीणजन उत्साहपूर्वक शामिल हो रहे हैं।
महोत्सव के तहत विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों के साथ-साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी आकर्षक श्रृंखला आयोजित की जा रही है। परिसर में सजा मीना बाजार लोगों के लिए विशेष आकर्षण बना हुआ है, जहां झूले, मनोरंजन के साधन और सजी-धजी दुकानों ने माहौल को उत्सवमय बना दिया है।
कार्यक्रम के दौरान कंस दरबार का मंचन दर्शकों को पौराणिक कथाओं से जोड़ते हुए मनोरंजन के साथ शिक्षा का संदेश दे रहा है। वहीं ग्रामीण संस्कृति की झलक प्रस्तुत करते हुए कुम्हारी एवं जटला के पारंपरिक नाटकों का आयोजन किया जा रहा है, जिसे देखने के लिए दर्शकों की भारी भीड़ उमड़ रही है।
इसके साथ ही दंड नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियों ने माहौल को भक्तिमय और ऊर्जावान बना दिया है। कलाकारों की प्रस्तुति ने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। अष्ट प्रहरी नाम यज्ञ का आयोजन भी श्रद्धा और विधि-विधान के साथ संपन्न किया जा रहा है।
महोत्सव के दौरान प्रतिदिन सुबह और शाम भंडारे का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु प्रसाद ग्रहण कर रहे हैं। यह आयोजन सेवा, समर्पण और सामूहिकता का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत कर रहा है।
महोत्सव का समापन 27 मार्च को मूर्ति एवं कलश स्थापना के साथ होगा। इस अवसर पर मुख्य पुरोहित पंडित सव्यसाची मिश्रा एवं कुल पुरोहित पंडित गणेश कर द्वारा विधि-विधानपूर्वक श्री राधा-कृष्ण जी की प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा की जाएगी। इस पावन अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
आयोजन समिति ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर महोत्सव को सफल बनाने और पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की है।