सुबह कथा, शाम को कलश यात्रा व महाआरती; बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना
बलौदाबाजार (कसडोल), 25 मार्च 2026। रामनवमी महापर्व के अवसर पर कसडोल समीपस्थ ग्राम पंचायत पिसीद में श्रीराम मंदिर निर्माण समिति द्वारा भव्य धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी श्रीराम मानस कथा और शोभायात्रा को लेकर गांव में उत्साह का माहौल है।
कार्यक्रम के तहत सुबह 10 बजे श्रीराम मानस कथा का शुभारंभ होगा, वहीं दोपहर 3 बजे से भव्य कलश शोभायात्रा निकाली जाएगी। शोभायात्रा बाजार चौक से प्रारंभ होकर श्रीराम मंदिर निर्माण स्थल तक पहुंचेगी। इसके पश्चात महाआरती, अतिथियों का स्वागत-अभिनंदन और महाप्रसाद वितरण किया जाएगा।
🙏 जनसहयोग से बन रहा भव्य मंदिर
ग्राम पंचायत पिसीद में दोनों प्रमुख तालाबों के मध्य भाग में भव्य श्रीराम मंदिर का निर्माण ग्रामीणों और दानदाताओं के सहयोग से पिछले तीन वर्षों से जारी है। इसी निर्माण कार्य के साथ हर वर्ष धार्मिक आयोजन भी किए जाते हैं।
🎤 अतिथियों की रहेगी उपस्थिति
कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य प्रेमलता बालेश्वर वैष्णव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। इसके अलावा जनपद सदस्य मोगरा सत्यनारायण पटेल, लीजा सिद्धांत मिश्रा, भाजपा जिला संयोजक कृष्ण कुमार पटेल, पूर्व जिला पंचायत सदस्य गायत्री कैवर्त्य, कांग्रेस मंडल अध्यक्ष गोविंद स्वरूप मिश्रा सहित कई जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति रहेगी।
📌 आयोजन की तैयारियां पूरी
कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्राम पंचायत सरपंच कार्तिक बंजारे करेंगे। मंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष उमाशंकर पटेल, सचिव रूपेश पटेल सहित समिति के सदस्य आयोजन की तैयारियों में जुटे हुए हैं।
ग्रामीणों में इस आयोजन को लेकर विशेष उत्साह देखा जा रहा है और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।