बलौदा बाजार जिले के रवान में इंसानियत शर्मसार! अंबुजा-अडानी प्लांट के सिक्योरिटी गार्ड की हैवानियत कैमरे में कैद, मासूम बच्चे को उठाकर पटक-पटक कर पीटा

TOSHAN PRASAD CHOUBEY

March 22, 2026


छत्तीसगढ़ के बलौदा बाजार जिले के रवान में स्थित अंबुजा-अडानी प्लांट से मानवता को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। सुरक्षा के नाम पर तैनात एक सिक्योरिटी गार्ड की हैवानियत का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में गार्ड एक मासूम बच्चे को बेरहमी से उठाकर जमीन पर पटकता और बुरी तरह मारपीट करता दिखाई दे रहा है। यह दृश्य इतना भयावह है कि जिसने भी देखा उसका खून खौल उठा।

जानकारी के मुताबिक यह घटना रवान स्थित प्लांट परिसर के आसपास की बताई जा रही है। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि सिक्योरिटी गार्ड अपनी सारी सीमाएं और जिम्मेदारियां भूलकर एक छोटे मासूम पर बर्बरता बरता रहा है। बच्चे को जिस तरह उठाकर पटक-पटक कर मारा जा रहा है, उसने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है।

वीडियो सामने आने के बाद बलौदा बाजार जिले के पलारी क्षेत्र सहित आसपास के इलाकों में भारी आक्रोश फैल गया है। ग्रामीणों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने इस घटना को बेहद शर्मनाक और अमानवीय बताते हुए दोषी सिक्योरिटी गार्ड के खिलाफ तत्काल कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन और प्लांट प्रबंधन से सवाल किया है कि आखिर सुरक्षा के नाम पर तैनात कर्मियों को इस तरह की दरिंदगी करने की छूट कैसे मिल गई। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं की गई तो क्षेत्र में बड़ा विरोध प्रदर्शन और आंदोलन खड़ा हो सकता है।

फिलहाल इस मामले में पुलिस और प्लांट प्रबंधन की ओर से आधिकारिक बयान का इंतजार किया जा रहा है। वहीं वीडियो वायरल होने के बाद पूरे रवान और पलारी क्षेत्र में गुस्से और चर्चा का माहौल गरम हो गया है।

सह संपादक

Share this content:

Leave a Comment