उल्लास नवभारत साक्षरता परीक्षा संपन्न: 71 वर्षीय फूल बाई बनीं प्रेरणा, ग्राम रंगोले में दिखा शिक्षा का उत्साह

SARJU PRASAD SAHU

March 22, 2026

कोरबा। छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशानुसार संचालित ‘उल्लास नवभारत साक्षरता महा अभियान’ के अंतर्गत ग्राम पंचायत रंगोले में साक्षरता परीक्षा का सफल आयोजन किया गया। पाली-नुनेरा संकुल के तहत पूर्व माध्यमिक एवं प्राथमिक शाला रंगोले में आयोजित इस परीक्षा में ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर शिक्षा के प्रति अपनी जागरूकता का परिचय दिया।

इस अभियान का उद्देश्य 15 वर्ष से अधिक आयु के निरक्षर व्यक्तियों को साक्षर बनाना है। निर्धारित लक्ष्य के अनुसार ऑनलाइन एवं ऑफलाइन माध्यम से कुल 10 परीक्षार्थियों ने परीक्षा में भाग लिया।

परीक्षा की सबसे प्रेरणादायक पहलू 71 वर्षीय फूल बाई की सहभागिता रही, जिन्होंने सबसे अधिक उम्र की परीक्षार्थी के रूप में परीक्षा देकर समाज के लिए मिसाल कायम की। वहीं 25 वर्षीय नीराबाई ने सबसे कम उम्र की परीक्षार्थी के रूप में हिस्सा लिया। दोनों ने शिक्षा के प्रति अपने जज्बे से सभी को प्रेरित किया।

जनप्रतिनिधियों और शिक्षकों का रहा सहयोग

कार्यक्रम को सफल बनाने में ग्राम पंचायत रंगोले के उपसरपंच संजय कंवर की विशेष उपस्थिति रही। संकुल समन्वयक अशोक भारद्वाज एवं आर.के. कौशिक के मार्गदर्शन में वरिष्ठ शिक्षक सुबन सिंह पैकरा, ग्राम प्रभारी विजय कुमार तंवर, विजय देवांगन, अतिथि शिक्षक श्रीमती अनु लता कंवर, संतालाल यादव, राम महंत एवं वकील दास महंत ने सक्रिय भूमिका निभाई।

पूर्ण साक्षरता की दिशा में संकल्प

ग्राम पंचायत रंगोले को पूर्ण साक्षर बनाने के लक्ष्य के साथ शिक्षकों एवं जनप्रतिनिधियों ने सामूहिक प्रयास का संकल्प लिया। शालेय परिवार की ओर से इस सफल आयोजन में सहयोग देने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।

सह संपादक

Share this content:

Leave a Comment