
दिनांक 10 मार्च, बलौदा बाजार।
ग्राम पंचायत मल्लिन में जल जीवन मिशन की लापरवाही सामने आई है। यहां नल-जल योजना का पंप पिछले 10–12 दिनों से खराब पड़ा है, लेकिन शिकायत के बावजूद ठेकेदार द्वारा उसे सुधारा नहीं गया है। इसके कारण ग्रामीणों को पेयजल के लिए भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मंगलवार को ग्राम पंचायत मल्लिन के जनप्रतिनिधि जिला मुख्यालय बलौदा बाजार पहुंचकर कलेक्टर को आवेदन सौंपा। आवेदन में सरपंच श्रीमती रामकली महेश मिर्झा, पंच जीवराखन और उद्धो राम ने आरोप लगाया कि नल-जल योजना के कई काम अब भी अधूरे पड़े हैं और ठेकेदार इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है। ग्रामीणों के अनुसार योजना के तहत 15–20 परिवारों के घरों में चेंबर और चबूतरा तक नहीं बनाया गया है, जबकि पाइपलाइन बिछाने के लिए खोदे गए गड्ढों को अब तक कांक्रीटीकरण नहीं किया गया। इससे गांव की गलियों में आवागमन मुश्किल हो गया है और दुर्घटना का खतरा भी बना हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार सूचना देने के बावजूद खराब पंप की मरम्मत नहीं की गई, जिससे पूरे गांव में पेयजल संकट गहरा गया है। आरोप है कि ठेकेदार ने काम अधूरा छोड़ दिया है और जिम्मेदार विभाग भी इस मामले में चुप्पी साधे हुए हैं। ग्राम प्रतिनिधियों ने कलेक्टर से मांग की है कि नल-जल योजना के अधूरे कार्य को ठेकेदार से जल्द पूरा कराया जाए और खराब पंप को तुरंत ठीक कराया जाए, ताकि ग्रामीणों को पेयजल की सुविधा मिल सके।