ईको-पर्यटन ग्राम धमनी में नौकाविहार सुविधा का शुभारंभ, वन प्रबंधन समितियों के लिए आजीविका का नया अवसर

TEKRAM KOSLE

March 9, 2026

रिपोर्टर टेकराम कोसले

बलौदाबाजार, 9 मार्च 2026। जिले में ईको-पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने तथा स्थानीय समुदाय को आजीविका के नए अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। वनमण्डल बलौदाबाजार के अंतर्गत ईको-पर्यटन ग्राम धमनी में सोमवार को नौकाविहार (बोटिंग) सुविधा का शुभारंभ किया गया। इस पहल से क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ स्थानीय वन प्रबंधन समितियों की आर्थिक स्थिति मजबूत होने की उम्मीद है।
वनमण्डलाधिकारी गणवीर धम्मशील ने बताया कि ईको-पर्यटन आधारित गतिविधियाँ वन संरक्षण के साथ-साथ स्थानीय समुदायों के आर्थिक सशक्तिकरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने कहा कि जनसहभागिता के माध्यम से प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और सतत विकास को बढ़ावा देते हुए धमनी क्षेत्र को एक आदर्श ईको-पर्यटन ग्राम के रूप में विकसित किया जा रहा है।
उन्होंने आगे बताया कि वन प्रबंधन समितियों के आजीविका उपार्जन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से इस प्रकार की ईको-पर्यटन गतिविधियों का विस्तार किया जा रहा है। धमनी को एक ईको-विलेज के रूप में विकसित करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है, जहाँ पर्यटकों के लिए विभिन्न पर्यटन गतिविधियाँ संचालित की जाएंगी। इसके साथ ही पर्यटकों के ठहरने के लिए भी आवश्यक सुविधाएं विकसित की जा रही हैं, ताकि प्राकृतिक वातावरण के बीच पर्यटन का बेहतर अनुभव मिल सके।
महानदी के तट पर स्थित धमनी का प्राकृतिक वातावरण लंबे समय से पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र रहा है। इसी संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए यहाँ ईको-पर्यटन गतिविधियों का क्रमिक विकास किया जा रहा है। अब नौकाविहार सुविधा प्रारंभ होने से पर्यटक नदी के शांत और प्राकृतिक परिवेश में नौकायन का आनंद ले सकेंगे, जिससे क्षेत्र में पर्यटन की नई संभावनाएँ विकसित होंगी।
इस अवसर पर परिक्षेत्र अधिकारी बलौदाबाजार प्रखर नायक, वन प्रबंधन समितियों के सदस्य, स्थानीय युवा तथा वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

सह संपादक

Share this content:

Leave a Comment