छुरा/ गरियाबंद:- छुरा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम नवाडीह कोसमी के कक्ष क्रमांक 217 में एक नीलगाय की मौत हो जाने का मामला सामने आया है। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग एवं पशु चिकित्सकों की टीम मौके पर पहुंची और नीलगाय का पोस्टमार्टम किया गया। फिलहाल मौत के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है।
ग्रामीणों के अनुसार, क्षेत्र में लगातार गर्मी बढ़ने के कारण पानी की कमी बनी हुई है, जिससे नीलगाय की प्यास के चलते मौत होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, आधिकारिक तौर पर मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।
वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं ग्रामीणों ने गर्मी के मौसम को देखते हुए वन क्षेत्र में जल व्यवस्था सुदृढ़ करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।