छुरा /गरियाबंद :- छुरा ब्लॉक के सेक्टर छुरा अंतर्गत आंगनबाड़ी केंद्र टेंगनाबासा-1 एवं 2 में ‘संकल्प सेवा, आंगन मिलन’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं बच्चों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सरपंच श्रीमती राजकुमारी ध्रुव सहित पंच मोहेन्द्र सिन्हा, श्रीमती कुंती सिन्हा, बिहान समूह सदस्य श्रीमती टिकेश्वरी सिन्हा, मितानिन श्रीमती रूखमणि सिन्हा, एवं प्राथमिक शाला की शिक्षिका श्रीमती इन्दुमती राजपूत की गरिमामय उपस्थिति में मां सरस्वती की पूजा-अर्चना के साथ किया गया। इसके बाद अतिथियों का स्वागत किया गया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों को विभागीय योजनाओं एवं बच्चों के जीवन के महत्वपूर्ण प्रथम 1000 दिवस से संबंधित जानकारी दी गई।
वहीं बच्चों के लिए विभिन्न गतिविधियों एवं प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें बालगीत प्रतियोगिता, आकर्षक थाली प्रतियोगिता एवं स्वस्थ बच्चा प्रतियोगिता प्रमुख रहे।
प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले प्रतिभागियों को अतिथियों द्वारा पुरस्कार वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
इसके साथ ही आंगन मिलन उत्सव के अवसर पर सामूहिक शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम के अंत में बच्चों एवं उपस्थित लोगों के लिए बाल भोज एवं स्वल्पाहार की व्यवस्था की गई।
आयोजकों ने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों का उद्देश्य आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य, शिक्षा एवं सर्वांगीण विकास के प्रति अभिभावकों और ग्रामीणों में जागरूकता बढ़ाना है। कार्यक्रम का समापन उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ।