बलौदाबाजार-गिरौदपूरी। 21 फरवरी 2026 संत शिरोमणि बाबा गुरु घासीदास जी की जन्मस्थली एवं तपोभूमि गिरौदपुरी धाम में 22 से 24 फरवरी 2026 तक आयोजित होने वाले विशाल संत समागम एवं गुरुदर्शन मेले की अंतिम तैयारियों का कलेक्टर दीपक सोनी ने शनिवार को स्थल पर पहुंचकर विस्तृत निरीक्षण किया।
कलेक्टर ने मुख्य कंट्रोल रूम में अधिकारियों की बैठक लेकर विभिन्न विभागों को सौंपे गए दायित्वों की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने मेले में तैनात मजिस्ट्रियल अधिकारियों को संवेदनशीलता एवं सौहार्दपूर्ण व्यवहार के साथ दायित्व निर्वहन करने के निर्देश दिए, ताकि श्रद्धालु सुखद अनुभव लेकर लौटें।
व्यवस्थाओं की व्यापक समीक्षा
निरीक्षण के दौरान सुरक्षा, पार्किंग, सीसीटीवी कैमरा निगरानी, ट्रैफिक प्रबंधन, वायरलेस संचार व्यवस्था, कंट्रोल रूम संचालन, चिकित्सा सुविधा, एम्बुलेंस, अग्निशमन वाहन, साफ-सफाई, पेयजल, स्नानागार, शौचालय एवं दाल-भात केंद्रों की व्यवस्थाओं की विस्तार से जानकारी ली गई।
प्रशासन द्वारा इस वर्ष सुविधाओं में विशेष वृद्धि की गई है। प्रमुख व्यवस्थाएं इस प्रकार हैं।
➡️ 220 समूहों द्वारा दाल-भात केंद्र संचालन,9 स्वास्थ्य शिविर एवं 10 एम्बुलेंस,250 अस्थायी टेप नल कनेक्शन एवं 48 पानी टैंकर,550 सफाई कर्मचारी,100 अस्थायी शौचालय, 16 चलित शौचालय एवं 80 स्थायी शौचालय,55 स्नानागार,18 विद्युत ट्रांसफार्मर एवं 10 जनरेटर,8 अग्निशमन वाहन, 2 क्रेन
प्रशासन का उद्देश्य श्रद्धालुओं को सुव्यवस्थित, सुरक्षित एवं सुविधायुक्त वातावरण उपलब्ध कराना है।
इस अवसर पर सीईओ जिला पंचायत सुश्री दिव्या, अपर कलेक्टर अभिषेक गुप्ता, एसडीएम आर.आर. दुबे सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।