कलेक्टर ने दिव्यांगजनों को वितरित किए सहायक उपकरण, आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ाया कदम

SARJU PRASAD SAHU

February 5, 2026

बलौदाबाजार। 5 फरवरी 2026 दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए कलेक्टर दीपक सोनी ने गुरुवार को समाज कल्याण विभाग के माध्यम से जिले के तीन दिव्यांगजनों को आवश्यक सहायक उपकरण प्रदान किए। सहायक उपकरण मिलने से दिव्यांगजनों के दैनिक जीवन में सुविधा के साथ-साथ उनके आत्मविश्वास में भी वृद्धि हुई है।

बलौदाबाजार विकासखण्ड अंतर्गत ग्राम परसाभदेर निवासी रामलाल निषाद को हस्तचलित ट्रायसायकल प्रदान की गई, जिससे अब उन्हें आवागमन में सुविधा मिलेगी। वहीं ग्राम खम्हरिया निवासी स्वीती रत्नाकर को व्हीलचेयर दी गई, जिससे उनकी गतिशीलता आसान होगी। इसके अलावा नगर पालिका बलौदाबाजार निवासी चंद्रकांत सेन्द्रे को श्रवण यंत्र प्रदान किया गया, जिससे उन्हें सुनने में होने वाली परेशानी से राहत मिलेगी।

सहायक उपकरण प्राप्त कर दिव्यांगजनों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि अब उन्हें रोजमर्रा के कार्यों के साथ-साथ बाहर आने-जाने में भी काफी सहूलियत होगी। उन्होंने इस सहयोग के लिए शासन एवं जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर समाज कल्याण विभाग की उप संचालक सिनीवाली गोयल सहित विभाग के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर ने कहा कि दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण एवं पुनर्वास के लिए शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है।

सह संपादक

Share this content:

Leave a Comment