जांजगीर-चांपा । जिले से एक बार फिर दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। नवागढ़ थाना क्षेत्र में 21 वर्षीय युवती की निर्मम हत्या के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया। मृतका की पहचान ग्राम पीपरा, नवागढ़ निवासी पूनम महंत (21 वर्ष), पिता विशंभर दास के रूप में हुई है। युवती का शव कीचड़ से लतपथ और अर्धनग्न अवस्था में मिलने से सनसनी फैल गई।
घटना से आक्रोशित परिजन और ग्रामीणों ने शव को लेकर नवागढ़ राछा भाठा बस स्टैंड पर सड़क पर उतरकर जोरदार प्रदर्शन किया। परिजनों का आरोप है कि यह हत्या साजिश के तहत की गई है और कुछ प्रभावशाली लोग आरोपियों को बचाने का प्रयास कर रहे हैं। इसी को लेकर प्रदर्शनकारियों ने सड़क जाम कर मुख्य आरोपी सहित सभी दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी और फांसी की सजा की मांग की।
पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सहित दो सहयोगियों को गिरफ्तार कर लिया है, लेकिन परिजन इससे संतुष्ट नहीं हैं। उनका कहना है कि इस जघन्य वारदात में अन्य लोग भी शामिल हैं, जिन पर अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। पुलिस अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि मामले की गहन और निष्पक्ष जांच की जा रही है तथा किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
लगभग चार घंटे तक चले चक्का जाम के बाद प्रशासन की समझाइश पर परिजन शांत हुए और जाम हटाया गया। इसके बाद परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार किया।
फिलहाल घटना को लेकर क्षेत्र में भारी आक्रोश है। पुलिस पूरे मामले की हर पहलू से जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई जारी है।
