बलौदाबाजार में धान खरीदी तेज, 90% किसानों ने बेचा धान, 1601 करोड़ का भुगतान

SARJU PRASAD SAHU

January 28, 2026

बलौदाबाजार ।  28 जनवरी 2026 खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के अंतर्गत जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का कार्य सुचारु रूप से जारी है। कलेक्टर दीपक सोनी के मार्गदर्शन में संचालित इस प्रक्रिया के तहत अब तक जिले के लगभग 90 प्रतिशत किसानों ने अपना धान विक्रय कर दिया है, जबकि शेष किसानों से धान खरीदी सभी 166 उपार्जन केंद्रों पर निरंतर जारी है।

जिला खाद्य अधिकारी से प्राप्त जानकारी के अनुसार, अब तक जिले के 1 लाख 50 हजार 867 किसानों से कुल 7 लाख 42 हजार 443 मेट्रिक टन धान की खरीदी की जा चुकी है। इसके एवज में किसानों को 1601 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया है। जिले में कुल 1 लाख 67 हजार 120 किसानों ने धान विक्रय हेतु पंजीयन कराया था, जिनमें से अधिकांश किसानों ने अपनी उपज बेच दी है।

धान उठाव की स्थिति की बात करें तो अब तक 2 लाख 79 हजार 255 मेट्रिक टन धान का उठाव हो चुका है, जो जारी डिलीवरी ऑर्डर का 70.66 प्रतिशत है। इसके अतिरिक्त 1 लाख 23 हजार 867 किसानों से लगभग 7 हजार 105 हेक्टेयर रकबा समर्पण भी कराया गया है।

उल्लेखनीय है कि राज्य शासन के निर्देशानुसार जिले में 15 नवंबर 2025 से 166 उपार्जन केंद्रों के माध्यम से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का कार्य प्रारंभ किया गया था। पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक उपार्जन केंद्र पर नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की गई है, जो साप्ताहिक निरीक्षण कर अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत कर रहे हैं। साथ ही अवैध धान की रोकथाम हेतु संयुक्त टीम द्वारा कड़ी निगरानी रखी जा रही है।

प्रशासन द्वारा सभी खरीदी केंद्रों पर किसानों की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जा रहा है, जिससे धान विक्रय की प्रक्रिया सहज एवं व्यवस्थित बनी रहे।

सह संपादक

Share this content:

Leave a Comment