बलौदाबाजार । 28 जनवरी 2026 कलेक्टर दीपक सोनी के निर्देशानुसार जिले में आम जनता की समस्याओं के समाधान और शासन की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी साझा करने के उद्देश्य से संपर्क केंद्र के माध्यम से प्रतिदिन संवाद कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इसी क्रम में आज लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (पीएचई) विभाग के अधिकारियों ने जिले के विभिन्न विकासखंडों की 10 ग्राम पंचायतों से सीधा संवाद किया।
संवाद कार्यक्रम में पलारी विकासखंड के ग्राम पंचायत कोनारी एवं कोसमंदा, सिमगा विकासखंड के नेवारी एवं फुलवारी, बलौदाबाजार विकासखंड के भरसेला (नया) एवं गिनदोला तथा कसडोल विकासखंड के मुड़पार (ब), पाड़ादाह, कुशभाठा और छतवन के सरपंच, सचिव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए।
पीएचई विभाग के अधिकारियों ने ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित पेयजल योजनाओं तथा जल जीवन मिशन की प्रगति की विस्तार से जानकारी दी। इस दौरान ग्रामीणों से योजनाओं के जमीनी क्रियान्वयन को लेकर फीडबैक लिया गया और जल संरक्षण एवं जल संचयन के महत्व पर भी चर्चा की गई।
संवाद के दौरान ग्रामीणों ने पेयजल आपूर्ति और तकनीकी सुधार से संबंधित कुछ समस्याएं सामने रखीं, जिन्हें अधिकारियों ने गंभीरता से सुना और उनके त्वरित निराकरण का आश्वासन दिया। अधिकारियों ने बताया कि कलेक्टर की इस पहल का मुख्य उद्देश्य प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता लाना, ग्रामीणों की शिकायतों का बिना देरी समाधान सुनिश्चित करना और शासन की योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ आम जनता तक पहुंचाना है।