बलौदाबाजार । 27 जनवरी 2026।राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर जिला स्तरीय महिला सशक्तिकरण केंद्र (हब) द्वारा गायत्री मंदिर भवन में स्वास्थ्य विभाग के समन्वय से बेटी बचाओ–बेटी पढ़ाओ योजना अंतर्गत 16 दिवसीय एनीमिया विशेष जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बालिकाओं और महिलाओं में एनीमिया के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा उन्हें स्वास्थ्य, सुरक्षा और स्वावलंबन से जुड़े विषयों पर जानकारी देना रहा।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष आकांक्षा जायसवाल, डिप्टी कलेक्टर रजनी छड़ीमली एवं उप पुलिस अधीक्षक अपूर्वा गुप्ता विशेष रूप से उपस्थित रहीं। अतिथियों ने बालिकाओं को शिक्षा के प्रति लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ने, लैंगिक समानता अपनाने और स्वस्थ जीवनशैली को प्राथमिकता देने का संदेश दिया।
इस अवसर पर महिलाओं और बालिकाओं को संतुलित आहार, आयरन, कैल्शियम व फोलिक एसिड युक्त खाद्य पदार्थों के सेवन की आवश्यकता, एनीमिया के कारण, लक्षण और बचाव, तथा मासिक धर्म स्वच्छता के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही सखी वन स्टॉप सेंटर, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना और महिलाओं-बच्चों से संबंधित प्रमुख कानूनों—घरेलू हिंसा अधिनियम 2005, यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण अधिनियम 2012, बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम 2006, दहेज प्रतिषेध अधिनियम 1961—पर भी प्रकाश डाला गया।
कार्यक्रम में महिला हेल्पलाइन नंबर 181 और चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 की जानकारी देकर जरूरत पड़ने पर सहायता लेने के लिए प्रेरित किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों की एनीमिया जांच कराई गई तथा सुकन्या समृद्धि योजना के अंतर्गत खाते भी खुलवाए गए।
जागरूकता को रोचक बनाने के लिए विद्यार्थियों के बीच कुर्सी दौड़, बैलून फुलाव, सुई-धागा प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार वितरित किए गए। कार्यक्रम ने बालिकाओं में आत्मविश्वास, स्वास्थ्य के प्रति सजगता और अधिकारों की समझ विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।