चाकू से हत्या का मामला उजागर: ग्राम गदहीडीह (लवन) में 04 आरोपी गिरफ्तार, पुलिस की बड़ी कार्रवाई

TEKRAM KOSLE

January 19, 2026

रिपोर्टर टेकराम कोसले

लवन/बलौदाबाजार-भाटापारा (छ.ग.) — ग्राम गदहीडीह (लवन) में चाकू से प्राणघातक हमला कर युवक की हत्या किए जाने के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 04 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों में मुख्य आरोपी राहुल वर्मा के साथ-साथ घटना के दौरान उसे भागने में सहयोग और संश्रय देने वाले अन्य तीन आरोपी भी शामिल हैं।
नशे के दौरान हुआ विवाद, आवेश में की गई हत्या
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों के बीच नशा करने की बात को लेकर विवाद हुआ था। विवाद ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया और आवेश में आकर चाकू से हमला कर मृतक चुम्पेश्वर ध्रुव की हत्या कर दी गई। घटना के बाद मुख्य आरोपी राहुल वर्मा को फरार होने में सहयोग दिया गया तथा उसे सुरक्षित स्थान पर छिपाया गया।
पूर्व में भी 02 आरोपी (एक विधि से संघर्षरत बालक सहित) गिरफ्तार
इस मामले में पुलिस पहले ही विधि से संघर्षरत एक बालक सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी थी। अब चार और आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ मामले का व्यापक खुलासा हुआ है।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम:
राहुल वर्मा, उम्र 18 वर्ष, निवासी ग्राम कोलिहा, थाना लवन
दुलेश्वर प्रसाद निषाद उर्फ विजय निषाद, उम्र 21 वर्ष, निवासी ग्राम डोंगरीडीह, थाना लवन
अमन कुमार चौहान, उम्र 18 वर्ष, निवासी ग्राम कोरदा, थाना लवन
थानेश्वर वर्मा उर्फ छोटे गुड्डू, उम्र 22 वर्ष, निवासी कोलिहा, थाना लवन
पुलिस की सख्त कार्रवाई, कानून व्यवस्था बनाए रखने का संदेश
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए सभी पहलुओं पर गहन जांच की गई और साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आगे की कानूनी कार्रवाई न्यायालय में प्रस्तुत की जा रही है।
पुलिस ने आम नागरिकों से कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील करते हुए कहा कि किसी भी आपराधिक गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

संपादक { समाचार }

Share this content:

Leave a Comment