पलारी। नगर पंचायत पलारी में शनिवार 17 जनवरी को एक दिवसीय मैत्री क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का शुभारंभ दोपहर 12 बजे हुआ। आयोजन नगर पंचायत पलारी के अध्यक्ष गोपी साहू के नेतृत्व में संपन्न हुआ।
इस मैत्री क्रिकेट प्रतियोगिता में प्रशासनिक अधिकारियों के साथ विभिन्न विभागों के कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता में स्वास्थ्य विभाग, राजस्व विभाग, शिक्षा विभाग, पुलिस विभाग, मीडिया, नगर प्रशासन एवं जनप्रतिनिधि विभाग की टीमों ने मैदान में उतरकर खेल के माध्यम से आपसी भाईचारे और समन्वय का संदेश दिया।
कार्यक्रम में जिला बलौदाबाजार के वरिष्ठ अधिकारी-कर्मचारी, एसडीएम, थाना प्रभारी, पत्रकारबंधु सहित सैकड़ों की संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे। आयोजन का मुख्य उद्देश्य विभिन्न विभागों के बीच आपसी सौहार्द, सहयोग एवं स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देना रहा।
नगर पंचायत अध्यक्ष गोपी साहू ने आयोजन को संबोधित करते हुए कहा कि ऐसे मैत्रीपूर्ण खेल आयोजनों से आपसी संबंध मजबूत होते हैं और सकारात्मक कार्य वातावरण का निर्माण होता है।
पूरे आयोजन के दौरान मैदान में उत्साह और खेल भावना का माहौल बना रहा। दर्शकों ने खिलाड़ियों का तालियों से उत्साहवर्धन किया, जिससे कार्यक्रम सफल और यादगार बन गया।