कायाकल्प पुरस्कार में जिला अस्पताल बलौदाबाजार को प्रदेश में दूसरा स्थान, 89 अन्य स्वास्थ्य संस्थान भी हुए सम्मानित

SARJU PRASAD SAHU

January 15, 2026

बलौदाबाजार, 15 जनवरी 2026 प्रदेश में “कायाकल्प–स्वच्छ अस्पताल योजना 2024-25” के परिणाम जारी कर दिए गए हैं। इस प्रतिष्ठित मूल्यांकन में जिला बलौदाबाजार-भाटापारा के जिला अस्पताल बलौदाबाजार ने 94 प्रतिशत अंक अर्जित कर प्रदेश स्तर पर द्वितीय स्थान प्राप्त किया है। वहीं जिला अस्पताल सूरजपुर ने 94.9 प्रतिशत अंकों के साथ प्रथम स्थान हासिल किया।

कायाकल्प योजना के अंतर्गत जिले के कुल 90 स्वास्थ्य संस्थानों को पुरस्कार के लिए चयनित किया गया है, जिनमें जिला अस्पताल सहित 4 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, 18 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, 66 उप स्वास्थ्य केंद्र तथा 1 शहरी स्वास्थ्य केंद्र शामिल हैं। पुरस्कार हेतु स्वास्थ्य संस्थानों को मूल्यांकन में 70 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करना अनिवार्य था।

जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिमगा, सुहेला, पलारी एवं लवन ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कायाकल्प पुरस्कार प्राप्त किया।

प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र श्रेणी में कटगी ने 99.7 प्रतिशत अंकों के साथ जिले में प्रथम स्थान प्राप्त किया।

वहीं उप स्वास्थ्य केंद्र श्रेणी में झीपन-एन ने 97.5 प्रतिशत अंकों के साथ पहला स्थान हासिल किया, जबकि सेल एवं ठेलकी क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर रहे।

शहरी स्वास्थ्य केंद्र श्रेणी में भाटापारा का मेहता नगर स्वास्थ्य केंद्र पुरस्कृत हुआ है।

इस उपलब्धि पर कलेक्टर श्री दीपक सोनी ने जिले के सभी पुरस्कृत स्वास्थ्य संस्थानों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भविष्य में भी इसी प्रतिबद्धता और गुणवत्ता के साथ कार्य करते हुए आमजन को सुलभ, स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की जाएं।

जिला मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजेश अवस्थी ने बताया कि कायाकल्प–स्वच्छ अस्पताल योजना भारत सरकार की एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसका उद्देश्य सार्वजनिक स्वास्थ्य संस्थानों में स्वच्छता, सफाई तथा संक्रमण नियंत्रण के उच्च मानकों को स्थापित करना है। यह योजना आंतरिक मूल्यांकन के माध्यम से स्वास्थ्य संस्थानों को निरंतर सुधार के लिए प्रेरित करती है तथा अस्पतालों को रोगी-अनुकूल और स्वच्छता को स्थायी प्रथा के रूप में अपनाने के लिए प्रोत्साहित करती है।

सह संपादक

Share this content:

Leave a Comment