कलेक्टर दीपक सोनी ने पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के कार्यों की समीक्षा की, हितग्राही मूलक योजनाओं को प्राथमिकता देने के निर्देश

SARJU PRASAD SAHU

January 15, 2026

बलौदाबाजार।15 जनवरी 2026 कलेक्टर श्री दीपक सोनी ने आज संपर्क केंद्र से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं एवं विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में उन्होंने शासन की मंशा के अनुरूप हितग्राही मूलक कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के स्पष्ट निर्देश दिए, ताकि पात्र हितग्राहियों को समय पर लाभ मिल सके।

कलेक्टर ने विशेष रूप से पीएम विकसित भारत रोजगार योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी स्वीकृत कार्यों का क्रियान्वयन गुणवत्ता एवं पारदर्शिता के साथ किया जाए। उन्होंने तकनीकी पारदर्शिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से ‘सिक्योर सॉफ्टवेयर’ में शत-प्रतिशत प्रविष्टि अनिवार्य रूप से करने के कड़े निर्देश दिए।

जल संसाधनों के संरक्षण पर बल देते हुए कलेक्टर श्री सोनी ने कहा कि जिले में जल संरक्षण एवं जल संवर्धन से संबंधित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर लेते हुए उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण किया जाए। मैदानी स्तर पर योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा के दौरान उन्होंने रोजगार सहायकों को सख्त शब्दों में निर्देशित किया कि वे अपने दायित्वों का निर्वहन पूर्ण ईमानदारी एवं पारदर्शिता के साथ करें। कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी।

उन्होंने वी.बी.-जी (विकसित भारत–ग्रामीण) अंतर्गत पंचायतों में अधिक से अधिक रोजगार सृजन करते हुए श्रमिकों को रोजगार उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित इस समीक्षा बैठक में जिला पंचायत सीईओ सुश्री दिव्या अग्रवाल, सभी जनपद पंचायतों के सीईओ, परियोजना अधिकारी, एपीओ नरेगा सहित जिले की समस्त ग्राम पंचायतों के रोजगार सहायक उपस्थित रहे।

संपादक { विज्ञापन‍ }

Share this content:

Leave a Comment