रायपुर। राजधानी रायपुर की न्यू राजेंद्र नगर थाना पुलिस ने चोरी के मामले में एक बड़ा खुलासा करते हुए बजाज फाइनेंस की महिला कर्मचारी को गिरफ्तार किया है। महिला पर आरोप है कि उसने बिना किसी वैध दस्तावेज के चोरी के सोने के जेवरात फाइनेंस कंपनी में गिरवी रखे थे। पुलिस ने महिला के पास से चोरी का सामान भी बरामद कर लिया है।
क्या है पूरा मामला?
यह मामला पुरैना के परसुराम नगर का है। प्रार्थिया सुशीला जाल 4 अक्टूबर 2025 को अपने परिवार के साथ ओडिशा गई हुई थीं। जब वह 25 अक्टूबर को वापस लौटीं, तो उनके घर के ताले टूटे मिले। घर के अंदर अलमारी से सोने-चांदी के जेवरात और नकदी गायब थी। सुशीला की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
आरोपियों से पूछताछ में खुला राज
पुलिस ने इस चोरी के मामले में पहले ही एक नाबालिग (विधि से संघर्षरत बालक) और आशीष नेताम नाम के युवक को गिरफ्तार किया था। जब पुलिस ने आशीष नेताम से कड़ी पूछताछ की, तो उसने बताया कि उसने चोरी के जेवरात तेलीबांधा स्थित बजाज फाइनेंस कंपनी में गिरवी रखे हैं।
बिना कागजात के रखे गए जेवरात
पुलिस जब जांच के लिए बजाज फाइनेंस पहुंची, तो वहां कार्यरत महिला कर्मचारी सनोहर जाहां की भूमिका संदिग्ध पाई गई। जांच में पता चला कि सनोहर जाहां ने बिना किसी वैध दस्तावेज या कागजी कार्रवाई के अवैध रूप से चोरी के जेवरात गिरवी रख लिए थे। यह कानूनन अपराध है, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस की कार्रवाई और बरामदगी
पुलिस ने महिला आरोपी सनोहर जाहां की निशानदेही पर चोरी के सोने के जेवरात जब्त कर लिए हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
गिरफ्तार आरोपी का विवरण:
नाम: सनोहर जाहां (27 वर्ष) निवासी: झण्डा चौक, पंडरी (रायपुर) धाराएं: 317(2) BNS एवं अन्य संबंधित धाराएं।