मुख्य वन्यजीव अभिरक्षक ने किया बारनवापारा अभयारण्य के आधिकारिक लोगो का विमोचन

TEJASWI NATH SONI

December 25, 2025

बलौदाबाजार, 25 दिसम्बर 2025/

बारनवापारा वन्यजीव अभयारण्य के नवीन आधिकारिक लोगो का विमोचन आज मुख्य वन्यजीव अभिरक्षक श्री अरुण कुमार पांडेय द्वारा किया गया। यह लोगो अभयारण्य की विशिष्ट पहचान, समृद्ध जैव विविधता एवं वन्यजीव संरक्षण के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

विमोचन कार्यक्रम में अपर प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन्यजीव) माथेश्वरण वी., मुख्य वन संरक्षक वी.एच. वेंकटचलम तथा मुख्य वन संरक्षक सुश्री स्तोविषा समझदार की गरिमामयी उपस्थिति रही।

नव-प्रस्तुत लोगो में अभयारण्य की प्रमुख प्रजाति तेंदुए को पारिस्थितिक संतुलन के प्रतीक के रूप में दर्शाया गया है, वहीं गौर को शक्ति और स्थायित्व का प्रतीक बनाया गया है। इसके साथ ही बारहसिंगा के सींगों का प्रतीकात्मक समावेश बारनवापारा की समृद्ध जैव विविधता और वन्यजीव विरासत को रेखांकित करता है।

इस अवसर पर वनमण्डलाधिकारी बलौदाबाजार श्री गणवीर धम्मशील ने कहा कि नया लोगो बारनवापारा अभयारण्य की पहचान को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सुदृढ़ करेगा। यह भविष्य में वन्यजीव संरक्षण, जन-जागरूकता और इको-टूरिज्म से जुड़े प्रयासों के लिए एक प्रभावी प्रतीक के रूप में कार्य करेगा।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह लोगो न केवल अभयारण्य की पहचान बनेगा, बल्कि संरक्षण के प्रति लोगों में सकारात्मक दृष्टिकोण भी विकसित करेगा।

सह संपादक

Share this content:

Leave a Comment