बलौदाबाजार। 6 दिसंबर 2025 छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशानुसार रजत जयंती पर्व के अवसर पर बलौदाबाजार वनमंडल में शुक्रवार को वन एवं पर्यावरण संरक्षण को प्रोत्साहित करने विभिन्न जन-जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य ग्रामीण समुदाय, विद्यार्थियों और तेंदूपत्ता संग्राहकों को संरक्षण गतिविधियों से जोड़ते हुए उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना रहा।
वन परिक्षेत्र बल्दाकछार के अंतर्गत शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला परसदा और शासकीय प्राथमिक शाला परसदा में “एक पेड़ छत्तीसगढ़ महतारी के नाम” अभियान के तहत वृक्षारोपण किया गया। वहीं सोनाखान के ग्राम पठियापाली स्थित प्राथमिक शाला परिसर में तेंदूपत्ता संग्राहक सम्मेलन आयोजित हुआ, जिसमें उन्हें वन संरक्षण और आजीविका से जुड़े महत्वपूर्ण सुझाव दिए गए।
देवपुर परिक्षेत्र के शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला कोसमसरा में विद्यार्थियों ने चित्रकला, वन सुरक्षा पर निबंध प्रतियोगिता और विभिन्न खेल गतिविधियों में भाग लेकर वन एवं वन्यजीव संरक्षण का संकल्प लिया।
अर्जुनी वन परिक्षेत्र में स्थित वन विश्राम गृह में हर्बल मेला आयोजित किया गया। इसमें स्थानीय वैद्यराजों ने आमजन को जड़ी-बूटियों की पहचान कराई और विभिन्न रोगों में उनके पारंपरिक उपयोग की जानकारी दी।
वहीं परिवृत्त सिमगा के शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला कचलोन में “एक पेड़ मां के नाम” कार्यक्रम के तहत वृक्षारोपण किया गया, जिसमें विद्यार्थियों और ग्रामीणों को पौधरोपण और पर्यावरण संतुलन की भूमिका से अवगत कराया गया।
इन सभी कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यालयों, ग्रामीण समुदाय और तेंदूपत्ता संग्राहकों को वन एवं वन्यप्राणी संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया तथा पर्यावरण संरक्षण में उनकी महत्वूपर्ण भागीदारी सुनिश्चित की गई।