उत्कृष्ट आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाओं का सम्मान, बेटियों के संरक्षण का लिया गया संकल्प

TEJASWI NATH SONI

November 14, 2025

बलौदाबाजार, 14 नवम्बर 2025/ कलेक्टर दीपक सोनी के निर्देश एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी अतुल परिहार के नेतृत्व में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा जिला स्तरीय सम्मान कार्यक्रम का आयोजन नगर भवन, बलौदाबाजार में किया गया।

 

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष अशोक जैन ने जिले की सभी बाल विकास परियोजनाओं से उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाओं को सम्मानित किया।

 

अपने उद्बोधन में अध्यक्ष अशोक जैन ने कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने कहा कि समाज में लड़का-लड़की के बीच होने वाले भेदभाव को समाप्त कर बेटियों को समान अवसर देना आवश्यक है। उन्होंने बढ़ते नशे के दुष्प्रभावों पर चिंता व्यक्त करते हुए नशा मुक्त अभियान चलाने की अपील की।

 

इसके साथ ही बाल विवाह मुक्त बलौदाबाजार बनाने और ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ अभियान को आगे बढ़ाने का संकल्प सभी उपस्थित लोगों को दिलाया गया।

 

मिशन शक्ति महिला सशक्तिकरण केन्द्र (हब) द्वारा ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ योजना अंतर्गत जिले में कक्षा 10वीं और 12वीं की मेरिट सूची में स्थान प्राप्त दो-दो बालिकाओं को क्रमशः 5000 और 3000 रुपये के चेक प्रदान कर सम्मानित किया गया।

 

विद्यालयीन छात्र-छात्राओं के लिए भाषण वाचन, रंगोली एवं चित्रकला प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। चक्रपाणी शुक्ल, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के छात्रों ने बेटियों की सुरक्षा और वर्तमान चुनौतियों पर केंद्रित आकर्षक चित्रकला एवं रंगोली प्रस्तुत की। भाषण वाचन में बालिका सुरक्षा पर भावनात्मक एवं प्रेरणादायक विचार रखे गए।

 

कार्यक्रम में जिला महिला एवं बाल विकास अधिकारी आदित्य शर्मा, परियोजना अधिकारी सरस्वती चंद्रवंशी, जिला बाल संरक्षण अधिकारी, पर्यवेक्षक, मिशन शक्ति टीम, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिकाएं एवं विद्यालयों के छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।

सह संपादक

Share this content:

Leave a Comment