📰 प्रभारी मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने स्कूली छात्राओं को वितरित की साइकिलें, विकास कार्यों के लिए 53 लाख रुपये की घोषणा

TEJASWI NATH SONI

November 2, 2025

बलौदाबाजार, 2 नवम्बर 2025।
जिले के प्रभारी एवं स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने आज विकासखंड कसडोल के शासकीय उच्चत्तर माध्यमिक विद्यालय, हसुआ में आयोजित साइकिल वितरण कार्यक्रम में शामिल होकर सरस्वती साइकिल योजना अंतर्गत 92 छात्राओं को साइकिल वितरित की।

कार्यक्रम के दौरान प्रभारी मंत्री श्री जायसवाल ने विद्यालय और ग्राम विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि सरकार गांव-गांव तक विकास पहुँचाने के लिए लगातार कार्य कर रही है और शिक्षा क्षेत्र को विशेष प्राथमिकता दी जा रही है।

उन्होंने विद्यालय परिसर के लिए

  • साइकिल स्टैंड निर्माण हेतु ₹10 लाख,

  • बाउंड्रीवाल निर्माण हेतु ₹4 लाख,

  • पेवर ब्लॉक हेतु ₹10 लाख,

  • जर्जर स्कूल भवन के जीर्णोद्धार हेतु ₹10 लाख,

  • ग्राम पंचायत बलौदा में पंचायत भवन निर्माण हेतु ₹19 लाख रुपये की घोषणा की।

इसके साथ ही उन्होंने टूण्ड्रा में खाद गोदाम निर्माण हेतु शासन के प्रावधान अनुसार प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश भी दिए।

प्रभारी मंत्री श्री जायसवाल ने अपने संबोधन में कहा कि –

“हमारी सरकार प्रदेश के चहुंमुखी विकास के लिए प्रतिबद्ध है। शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल और आधारभूत सुविधाओं में तेज प्रगति हो रही है और यह विकास यात्रा निरंतर जारी रहेगी।”

कार्यक्रम को जांजगीर-चांपा सांसद कमलेश जांगड़े और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल ने भी संबोधित किया।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष आकांक्षा जायसवाल, पूर्व विधायक डॉ. सनम जांगड़े, स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

सह संपादक

Share this content:

Leave a Comment